अल-अक्सा मस्जिद में फलस्तीनियों और इस्राइली पुलिस में हुई हिंसक झड़प

532
Al-Aqsa Mosque

Palestine में अल-अक्सा मस्जिद परिसर पर शुक्रवार को पथराव करने वाले फलस्तीनियों से इस्राइली पुलिस की झड़प हो गई। इस दौरान पुलिस ने रबर की गोलियां चलाईं। हाल के हफ्तों में इस इलाके में झड़प की कई घटनाएं हुई हैं। घटना में 40 लोग घायल हुए हैं।

इस्राइली पुलिस का कहना है कि मस्जिद परिसर में फलस्तीनियों ने भारी सुरक्षा बंदोबस्त वाले गेट की ओर पत्थर और आतिशबाजी फेंकना शुरू कर दिया। यह गेट ‘वेस्टर्न वॉल’ की ओर जाता है, जहां यहूदी प्रार्थना कर सकते हैं।

इसके बाद पुलिस परिसर की ओर बढ़ी और रबर की गोलियां चलाईं। यह हिंसक झड़प करीब एक घंटे तक चली और परिसर में मौजूद अन्य फलस्तीनियों द्वारा पथराव कर रहे लोगों को समझाने तथा पुलिस को पीछे हटने के लिए मनाने के बाद थमी।

फलस्तीनी रेड क्रिसेंट आपातकालीन सेवा ने कहा कि 40 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनमें से 22 को इलाज की आवश्यकता है। पुलिस ने तत्काल प्रतिक्रिया नहीं दी लेकिन बाद में कहा कि उसने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।