सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अन्न संकल्प लिया और कहा-किसानों पर अत्याचार करने वालों को सत्ता से बेदखल कर देंगे

250
akhilesh yadav's ann sankalp
akhilesh yadav's ann sankalp

यूपी चुनाव के मैदान में अब किसानों के मुद्दे को गरमाने की कोशिश शुरू हो गई है। भारतीय किसान यूनियन के अध्यक्ष नरेश टिकैत का सपा और राष्ट्रीय लोक दल को समर्थन देने का बयान सामने आने के बाद गठबंधन ने खुशी जताई। हालांकि, 24 घंटे के भीतर ही किसान नेता नरेश टिकैत अपने बयान से पलट गए। यूपी चुनाव में उन्होंने किसी भी राजनीतिक दल को समर्थन नहीं देने की बात कही। वहीं, अखिलेश यादव ने सोमवार को प्रदेश पार्टी कार्यालय में अन्न संकल्प लिया। पार्टी नेताओं के साथ संकल्प लेते हुए उन्होंने कहा कि किसानों अन्याय और अत्याचार करने वालों को हराएंगे।

अन्न संकल्प के दौरान पार्टी कार्यालय में जय जवान जय किसान का नारा लगा। दरअसल, नरेश टिकैत का बयान आने के बाद किसानों को साधने के लिए समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव सामने आए। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी के नेताओं ने अन्न संकल्प लिया है। पार्टी प्रदेश में किसानों के हित के लिए कार्य करने को संकल्पित है। उन्होंने किसानों का आह्वान करते हुए कहा कि वे भारतीय जनता पार्टी को सत्ता से हटाएं और विधानसभा चुनाव में हराएं। साथ ही, उन्होंने किसानों के लिए किए जाने वाले कार्य का भी जिक्र किया। साथ ही, तमाम कार्यकर्ताओं को भी अन्न संकल्प से जुड़ने की अपील की।