‘सूर्यवंशी’ ने लौटाई सिनेमाघरों की रौनक – अक्षय कुमार की फिल्म ने पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर की 26 करोड़ की कमाई

551

अक्षय कुमार की फिल्म ‘सूर्यवंशी’ 5 नवंबर को सिनेमाघरों में दस्तक दे चुकी है। फिल्म मार्च 2020 में रिलीज होने वाली थी लेकिन कोरोना की वजह से इसे लगातार टाला जा रहा था। मुंबई में सिनेमाघरों के खुलने के साथ ही फिल्म को रिलीज कर दिया गया है। अब जिस तरह ‘सूर्यवंशी’ को लेकर दर्शकों ने प्रतिक्रिया दी है उसके बाद तो यही लग रहा है कि निर्देशक रोहित शेट्टी को इससे अच्छा दिवाली का तोहफा नहीं मिल सकता था।

कितना रहा कलेक्शन
‘सूर्यवंशी’ ने एक बार फिर से सिनेमाघरों में रौनक लौटा दी है। बॉक्स ऑफिस इंडिया के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने पहले दिन 26 करोड़ का कलेक्शन किया है। कुछ जगहों पर फिल्म को जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला तो वहीं कई जगह धीमी शुरुआत रही। धीमी शुरुआत की एक वजह यह भी है कि उन जगहों पर सुबह इसे देरी से रिलीज किया गया।

कौन-कौन से कलाकार
‘सूर्यवंशी’ भारत में 4 हजार से ज्यादा स्क्रीन पर रिलीज हुई जबकि विदेश में इसे 1300 स्क्रीन पर रिलीज किया गया। रोहित शेट्टी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में अक्षय कुमार के अलावा कटरीना कैफ, गुलशन ग्रोवर, सिकंदर खेर, अभिमन्यु सिंह और जावेद जाफेरी हैं। फिल्म में रणवीर सिंह और अजय देवगन कैमियो रोल में हैं। ‘सूर्यवंशी’ को रिलायंस एंटरटेनमेंट, रोहित शेट्टी पिक्चर्स, धर्मा प्रोडक्शंस और केप ऑफ गुड फिल्म्स ने मिलकर प्रोड्यूस किया है।

हॉलीवुड की फिल्म का कलेक्शन
शुक्रवार को ही मार्वल मूवीज की ‘एटर्नल्स’ रिलीज हुई। इस फिल्म ने अभी अच्छा कलेक्शन करते हुए 8 करोड़ रुपये जुटाए। कोरोना महामारी के बाद रिलीज हुई किसी भी हॉलीवुड फिल्म का यह बेस्ट रिजल्ट है। इस तरह दोनों फिल्मों का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन देखें तो 33-35 करोड़ रहा।