दिल्ली वालो के लिए राहत की खबर, खतरे के निशान से नीचे आया यमुना का जलस्तर, हालांकि निचले इलाकों में खतरा अब भी बरकरार

716

देश की राजधानी दिल्ली में शनिवार को यमुना के जलस्तर में गिरावट दर्ज की गई है। यमुना का जलस्तर खतरे के निशान से नीचे आ गया है। हालांकि अभी निचले इलाकों में बाढ़ की आशंका बनी हुई है। लोगों को किनारे से हटाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया है। 

इससे पहले, जलस्तर बढ़ने की वजह से गुरुवार को ही दिल्ली में लोहे के पुल को बंद कर दिया गया था। खतरे के निशान से ऊपर बह रही यमुना का पानी अब खेतों की ओर बढ़ रहा है। बाढ़ के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने नदी के डूब क्षेत्र के करीब के निचले इलाकों में अलर्ट जारी किया है। 

आपको बता दें कि शुक्रवार को यमुना में जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया था। हरियाणा के हथिनी कुंड बैराज से पानी छोड़े जाने से नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा था। लोहा पुल, कश्मीरी गेट और आईटीओ पर बहाव काफी तेज था। अधिकारियों की कई टीमें हालातों पर निगरानी बनाए हुए हैं। 

गौरतलब है कि हथिनीकुंड बैराज से दो दिन तक पानी छोड़ा गया था। इस वजह से अब तक लाखों क्यूसेक पानी दिल्ली पहुंच गया है। शुक्रवार शाम तक दिल्ली में यमुना का जलस्तर 205.53 मीटर पर था जो खतरे के निशान से 0.20 मीटर अधिक था। 

आज का बाढ़ अलर्ट अपडेट
हथिनीकुंड (समय) : छोड़ा गया पानी (क्यूसेक में)  
01:00 बजे    45180
02:00 बजे    37163
03:00 बजे    37163
04:00 बजे.   37163
05:00 बजे    35109
06:00 बजे    35109

पुराने रेलवे ब्रिज पर पानी का स्तर
    समय         जलस्तर
01:00 बजे     205.44
02:00 बजे     205.41
03:00 बजे     205.38
04:00 बजे     205.33
05:00 बजे     205.28
06:00 बजे     205.20
07:00 बजे     205.15