हिमाचल प्रदेश में आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ने थामा भाजपा का दामन

366
AAP himachal pradesh state president joins BJP
AAP himachal pradesh state president joins BJP

हिमाचल प्रदेश में आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अनूप केसरी समेत ‘आप’ के अन्य नेता सतीश ठाकुर और इकबाल सिंह ने शनिवार को दिल्ली आकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थाम लिया। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की मौजूदगी में इन सभी नेताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। वहीं, अनूप केसरी के ‘आप’ छोड़कर जाने के तुरंत बाद पार्टी ने उनके चरित्र पर सवाल उठा दिए हैं।

‘आप’ नेता और दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि रात को 12 बजे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और उनके केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर AAP पार्टी के ऐसे व्यक्ति को भाजपा में शामिल करते हैं, जिसके खिलाफ AAP को शिकायतें मिली हुई हैं कि वे महिलाओं से गंदी बातें करते थे।

सिसोदिया ने कहा कि ऐसा आदमी जिसके खिलाफ हम जांच कराने वाले थे और जिस व्यक्ति को हम पार्टी से निकालने वाले थे, ऐसे व्यक्ति को भाजपा ने गले लगाकर अपनी पार्टी में स्वागत किया है।

भाजपा नेता अनूप केसरी ने कहा कि हम पिछले 8 वर्षों से ‘आप’ के लिए मेहनत कर रहे थे, लेकिन ‘आप’ ने राज्य के पार्टी कार्यकर्ताओं की उपेक्षा की और हिमाचल प्रदेश के लोगों की उपेक्षा की। मंडी में एक रैली के दौरान दिल्ली और पंजाब के मुख्यमंत्रियों के अलावा राज्य के किसी नेता को जगह नहीं दी गई।

इस मौके पर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि हिमाचल के स्वाभिमान और सम्मान के लिए ‘आप’ के ये तीनों नेता आज बीजेपी में शामिल हुए हैं। अरविंद केजरीवाल आम आदमी की पार्टी की बात करते हैं और दूसरी तरफ अपने ही कार्यकर्ताओं की अनदेखी करते हैं। 8 साल तक जिन लोगों ने पसीना बहाकर पार्टी को खड़ा किया। उन्होंने उन्हें ही अपने रथ पर खड़ा करने का मौका नहीं दिया।

गौरतलब है कि पंजाब में मिली प्रचंड जीत के बाद अब ‘आप’ की नजर हिमाचल प्रदेश पर है। हिमाचल प्रदेश में इस साल दिसंबर में विधानसभा चुनाव होने हैं। ‘आप’ अब हिमाचल प्रदेश की सभी 68 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। इससे पहले, दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री और ‘आप’ नेता सत्येंद्र जैन ने भी घोषणा की थी कि पार्टी शिमला नगर निगम चुनाव लड़ेगी। चुनावी वादों के बारे में बात करते हुए जैन ने घोषणा की थी कि अगर ‘आप’ सरकार सत्ता में आती है तो हिमाचल के लोगों को मुफ्त बिजली और पानी के साथ-साथ शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करेगी।