बिहार की एक लड़की नेहा की शादी में जाएंगे सोनू सूद, सोशल मीडिया पर स्वीकार किया निमंत्रण

432

अभिनेता सोनू सूद की गिनती अब केवल कलाकार के तौर पर ही नहीं बल्कि जरूरतमंद, परेशान और गरीब लोगों के मसीहा के तौर पर भी होती है। कोरोना महामारी की वजह से लगे लॉकडाउन के दौरान उन्होंने हजारों लोगों की मदद की। कई लोग अब उन्हें अपना मसीहा मानने लगे हैं, यही वजह है जो उनके चाहने वाले सोनू सूद के लिए सोशल मीडिया पर खास पोस्ट साझा करते रहते हैं

अब सोनू सूद को बिहार की एक लड़की ने अपनी शादी के लिए निमंत्रण भेजा है, जिसे अभिनेता ने स्वीकार कर लिया है। सोनू सूद सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहते हैं। वह अपने फैंस से जुड़े रहने के लिए खास तस्वीरें और वीडियो साझा करते रहते हैं। ट्विटर पर बिहार की रहने वाली नेहा नाम की लड़की ने सोनू सूद को अपनी शादी का निमंत्रण भेजा है। 

नेहा ने ट्विटर पर अपनी शादी का कार्ड साझा करते हुए लिखा, ‘माफी चाहूंगी सर, उत्साह में मैं आपका नाम लिखना भूल हई थी। शादी में आपके आने से में दुनिया की भाग्यशाली लड़की बन जाऊंगी। मैं आपका इंतजार करूंगी’। सोनू सूद ने नेहा के इस निमंत्रण को स्वीकार कर लिया है। साथ ही मजेदार अंदाज में उसके ट्वीट पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।

सोनू सूद ने अपने ट्वीट में लिखा, ‘चलो बिहार की शादी देखते हैं।’ सोशल मीडिया पर नेहा की शादी का कार्ड और सोनू सूद का ट्वीट तेजी से वायरल हो रहा है। अभिनेता के कई फैंस उनके इस ट्वीट पर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। इससे पहले सोनू सूद उस समय चर्चा में थे जब उनका एक फैन उनकी तस्वीर की पूजा कर रहा था। एक फैन ने भगवान की मूर्ति के पास सोनू सूद की तस्वीर रखी और उनकी पूजा करने लगा। 

ट्विटर पर फैन ने सोनू सूद को टैग करते हुए लिखा,’ खामोश होकर नेक कर्म कीजिए। दुआ खुद ही बोल पड़ेगी। प्रणाम।’ फैन के इस ट्वीट पर प्रतिक्रिया देते हुए सोनू सूद ने लिखा,’मेरी जगह यहां नहीं, सिर्फ आपके दिलों में होनी चाहिए।’ कोरोना महामारी के दौरान असहाय लोगों की मदद करके सोनू सूद ने देश और विदेश में काफी सुर्खियां बटोरी थीं।