कोविड के खिलाफ जंग में फिर मदद के लिए आगे आए रोहित शेट्टी, मनजिंदर सिंह सिरसा ने दिया धन्यवाद

451
Rohit Shettty
Rohit Shettty

पूरे देश में कोरोना का कहर देखने को मिल रहा है। इस मुश्किल के वक्त में सरकारों के साथ ही साथ सितारे भी अपने- अपने स्तर पर मदद के लिए आगे आ रहे हैं। कई बॉलीवुड सेलेब्स बीते साल के कोरोना काल से ही मदद करते आ रहे हैं। इन सितारों में एक नाम निर्देशक रोहित शेट्टी का भी है। ऐसे में एक बार फिर रोहित अपनी मदद को लेकर चर्चा में हैं।

मनजिंदर सिंह सिरसा ने किया सोशल मीडिया पोस्ट
शिरोमणि अकाली दल के राष्ट्रीय प्रवक्ता मनजिंदर सिंह सिरसा ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट से रोहित शेट्टी को धन्यवाद दिया है। सिरसा ने अपने फेसबुक पोस्ट में लिखा, ‘वो स्क्रीन पर खतरों का खिलाड़ी होगा, लेकिन पर्दे के पीछे वो एक सेंसटिव और दयालु शख्स है, जो इंसानियत का ख्याल रखते हैं।’

रोहित शेट्टी का धन्यवाद
सिरसा ने आगे अपने पोस्ट में लिखा, ‘रोहित शेट्टी का धन्यवाद, जिन्होंने हमारे कोविड केयर फेसिलिटी की मदद की। आपकी सहायता के लिए हम आपके आभारी हैं। प्रार्थना है कि आपकी इस मदद के बदले आपको बहुत सारी ब्लेसिंग्स मिलें।’ सिरसा के इस पोस्ट को सोशल मीडिया यूजर्स काफी पसंद कर रहे हैं और रोहित की तारीफ कर रहे हैं।

250 बेड्स हैं मौजूद
मनजिंदर सिंह सिरसा ने इस बात की जानकारी अपने सोशल मीडिया पोस्ट में नहीं दी है कि रोहित शेट्टी ने कितने रुपयों से मदद की है। वहीं इस खबर को शेयर करते हुए विरल भियानी ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी है कि मनजिंदर सिंह सिरसा के कोविड केयर में 250 बेड्स मौजूद हैं, और सभी सुविधाएं मुफ्त हैं।

2020 में भी रोहित रहे थे एक्टिव
गौरतलब है कि रोहित शेट्टी सिर्फ साल 2021 में ही कोविड के खिलाफ मैदान में नहीं उतरे हैं। बल्कि बीते साल 2020 में भी रोहित ने कोविड के खिलाफ बढ़ चढ़कर मदद की थी। रोहित ने मुंबई में पुलिस के लिए 11 होटल उपलब्ध करवाए थे। इसके अलावा भी रोहित अलग अलग तरह से मदद के लिए डटे रहे थे।