Ratan Tata: ट्विटर पर भारत रत्न दिलाने के लिए मुहिम पता चला तो खुद सामने आए टाटा, कही यह बात

214

पिछले कुछ दिन से ट्विटर पर देश के जाने-माने उद्योगपति रटन टाटा को लेकर एक कैंपेन चल रहा है। इसमें रतन टाटा को भारत रत्न से सम्मानित किये जाने की मांग उठ रही है। बड़ी संख्या में लोग ट्विटर पर इस तरह के ट्वीट कर रहे हैं। इस कैंपेन पर अब स्वयं रतन टाटा की प्रतिक्रिया सामने आई है। टाटा ने लोगों की भावनाओं की प्रशंसा की है और साथ ही उन्होंने लोगों से बड़ी विनम्रता के साथ इस कैंपेन को बंद करने के लिए भी कहा है। टाटा ने ट्वीट कर यह बात कही है। आइए विस्तार से जानते हैं कि उन्होंने क्या कहा।

रतन टाटा ने अपने ट्वीट में कहा, ‘सोशल मीडिया पर लोगों के एक तबके द्वारा एक अवॉर्ड को लेकर व्यक्त की गई भावनाओं की मैं सराहना करता हूं, लेकिन मैं बेहद नम्रता के साथ अपील करना चाहता हूं कि ऐसे कैंपेन बंद कर दिए जाएं। मैं भारतीय होने और भारत की ग्रोथ व समृद्धि में योगदान कर सकने पर खुद को भाग्यशाली मानता हूं।’

रतन टाटा एक ऐसी शख्सियत हैं, जो सोशल मीडिया में हमेशा चर्चा में बने रहते हैं। रतन टाटा को भारत रत्न से सम्मानित करने की मांग ने तब जोर पकड़ा, जब मोटिवेशनल स्पीकर डॉ. विवेक बिंद्रा ने रतन टाटा को भारत रत्न दिए जाने की मांग से जुड़ा ट्वीट किया।

मोटिवेशनल स्पीकर बिंद्रा ने अपने ट्वीट में लिखा,  ‘रतन टाटा का मानना है कि आज के उद्यमियों की पीढ़ी भारत को अगले स्तर पर ले जा सकती है। हम प्रसिद्ध उद्योगपति रतन टाटा को सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार भारत रत्न से सम्मानित करने की मांग करते हैं। हमारी इस मुहिम से जुड़िए।’

बिंद्रा के इस ट्वीट के बाद ट्विटर पर रतन टाटा और भारतरत्नफॉररतनटाटा हैशटैग टॉप ट्रेंड में आ गया। अब शनिवार को रतन टाटा द्वारा जो प्रतिक्रिया दी गई है, उसे भी सोशल मीडिया यूजर्स काफी सराह रहे हैं।