पंजाब निकाय चुनाव पर नरेंद्र सिंह तोमर बोले – पंजाब के नतीजों को किसान आंदोलन से जोड़ना गलत

315

कृषिमंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने बृहस्पतिवार को कहा कि पंजाब निकाय चुनावों के नतीजों को किसान आंदोलन से जोड़कर देखना गलत है। केंद्र सरकार अभी भी किसानों से बातचीत कर गतिरोध को खत्म कराना चाहती है।

तोमर ने कहा, ‘पंजाब में भाजपा कमजोर थी और शिअद के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ रही थी। यह पहला मौका है जब अकेले चुनाव लड़ा और इसी कारण पार्टी को नुकसान उठाना पड़ा।’ कृषि कानूनों पर तोमर ने कहा, ‘सरकार ये कानून किसानों के हित में लाई है। इनसे अन्नदाता की आय दोगुनी होगी। देश भर के किसानों ने इन कानूनों का समर्थन भी किया है। कुछ किसानों को इसमें शिकायतें हैं और सरकार उनके साथ कानूनों पर बिंदुवार बात करने और किसानों की शंकाएं दूर करने को सदैव तैयार है।’

असम में फिर सरकार बनाएगी भाजपा
तोमर ने आगामी असम विधानसभा चुनाव में जीत की दावेदारी करते हुए कहा, इस बार और अधिक सीटें जीतेंगे। राज्य में भाजपा सरकार के समर्थन में लहर है और निश्चित हम दोबारा सरकार बनाएंगे। तोमर असम के चुनाव प्रभारी हैं।