कोरोना से संक्रमित धोनी के माता पिता की हेल्थ पर पत्नी साक्षी ने दिया अपडेट, कहा- दुआओं के लिए शुक्रिया

243
FILE PHOTO

कोरोना पॉजिटिव आने के बाद महेंद्र सिंह धोनी के माता-पिता का रांची में इलाज जारी है। दोनों को बुधवार को निजी अस्पताल में भर्ती किया गया था, जहां उनकी सेहत में सुधार आया है और हालत पहले से बेहतर बताई जा रही है। इस बीच धोनी आईपीएल में अपनी टीम के साथ व्यस्त हैं। सीएसके के कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने कहा कि फ्रैंचाइजी पूरे घटनाक्रम से वाकिफ है। धोनी के परिवार की हर संभव मदद की जा रही है।

CSK फ्रैंचाइजी कर रहा मदद
न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान और कभी चेन्नई सुपरकिंग्स के सलामी बल्लेबाज रहे फ्लेमिंग बीते कई सीजन से टीम के कोच की भूमिका निभा रहे हैं। धोनी के साथ उनकी अच्छी जुगलबंदी है। केकेआर के खिलाफ जीत के बाद उन्होंने कहा, ‘वाकई यह हर किसी के लिए मुश्किल वक्त है। फ्रैंचाइजी ने हर खिलाड़ी से कोरोना के बिगड़ते हालात पर बात की है और उनकी गैरमौजूदगी में परिवार के सेहत के सेहत की जिम्मेदारी भी उठाई है।’

खाली स्टेडियम में खेले जा रहे मैच
देश में कोरोना के भयंकर संक्रमण के बीच खाली स्टेडियम में आईपीएल के 14वें सीजन का आयोजन हो रहा है। खिलाड़ी और स्टाफ बायो-बबल में रहते हैं। बावजूद इसके कोलकाता नाइटराइडर्स, आरसीबी, दिल्ली कैपिटल्स के कुछ खिलाड़ी कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे, हालांकि अब सभी स्वस्थ्य हो चुके हैं और अपनी-अपनी टीम की प्लेइंग इलेवन का भी हिस्सा हैं।

साक्षी ने भी दिया सास-ससुर पर अपडेट
इस बीच महेंद्र सिंह धोनी की पत्नी साक्षी ने भी सोशल मीडिया पर अपने सास-ससुर के स्वास्थ्य के बारे में अपडेट दिया। साक्षी ने बताया कि उनके ससुर पान सिंह और सास देविका की तबीयत फिलहाल स्थिर है। उन्होंने साथ ही दुआ करने वालों का भी शुक्रिया अदा किया। इससे पहले अस्पताल में भर्ती कराए जाने के बाद डॉक्टर्स ने बताया था कि दोनों का ऑक्सीजन स्तर ठीक है।

फिलहाल नंबर एक चेन्नई सुपरकिंग्स
9 अप्रैल से शुरू हुए आईपीएल में तीन बार की चैंपियन सीएसके की टीम लगातार तीन जीत से शीर्ष पर काबिज है। हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने इसे रवैये में बदलाव और कुछ प्रमुख खिलाड़ियों के जुड़ाव का परिणाम बताया है। छह महीने पहले यूएई में वह टूर्नामेंट के इतिहास में पहली बार प्लेऑफ में जगह बनाने में नाकाम रही थी। फ्लेमिंग ने कहा कि अगर उनकी टीम अगले दो मैचों में भी जीत हासिल करती है तो अच्छा होगा।