अभिनेत्री लवीना लोध ने महेश भट्ट पर लगाए गंभीर आरोप, अब कानूनी कार्रवाई करेंगे निर्देशक

401

फिल्ममेकर महेश भट्ट पर अभिनेत्री लवीना लोध ने सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट कर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। लवीना ने कहा कि महेश भट्ट और उनके परिवार के सदस्य द्वारा उन्हें परेशान किया गया। इन आरोपों के बाद महेश भट्ट के प्रोडक्शन हाउस की ओर से एक बयान जारी किया गया है।

महेश भट्ट की ओर से कहा गया है कि लवीना लोध के इन आरोपों से उनकी छवि को खराब करने की कोशिश की गई है। उन्होंने लवीना के आरोपों से इनकार किया है और कहा कि यह सब झूठ है। साथ ही कानूनी कार्रवाई करने की बात कही है।

विशेष फिल्म्स के वकील ने महेश भट्ट की ओर से कहा, ‘यह पोस्ट लवीना लोध द्वारा जारी वीडियो को लेकर है। हम अपने क्लाइंट महेश भट्ट की ओर से आरोपों का खंडन करते हैं। ये आरोप न केवल झूठे और छवि खराब करने वाले हैं, बल्कि कानूनी तौर पर गंभीर परिणाम देने वाले हैं। हमारे क्लाइंट कानून के मुताबिक कार्रवाई करेंगे।‘ 

बता दें कि इससे पहले लवीना लोध ने वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें वो कहती हैं, ‘नमस्ते, मेरा नाम लवीना लोध है और मैं यह वीडियो मेरी और मेरे परिवार की सुरक्षा के लिए बना रही हूं। मेरी शादी महेश भट्ट के भांजे सुमित सभरवाल के साथ हुई थी और मैंने तलाक का मुकदमा फाइल किया है क्योंकि मुझे पता चल गया था कि वो ड्रग्स सप्लाई करते हैं। कलाकारों को, जैसे अमायरा दस्तूर, सपना पब्बी आदि। और उनके फोन में भी बहुत अलग अलग किस्म की लड़कियों की तस्वीरें होती हैं, जो वो निर्देशकों को दिखाते हैं। तो वो लड़की भी सप्लाई करते हैं। और इन सारी बातों की जानकारी महेश भट्ट को है।’

लवीना लोध ने आरोप लगाया कि इंडस्ट्री में सबसे बड़े डॉन महेश भट्ट हैं और वह पूरा सिस्टम ऑपरेट करते हैं। लवीना कहती हैं, ‘अगर आप उनके हिसाब से नहीं चलते तो वह आपका जीना हराम कर देते हैं। महेश भट्ट ने कितने लोगों की जिंदगी बर्बाद कर दी है। कितने कलाकारों, निर्देशकों, संगीतकारों को उन्होंने काम से निकाल दिया है। वो एक फोन करते हैं पीछे से और लोगों का काम चला जाता है। और लोगों को पता भी नहीं चलता है। ऐसी उन्होंने बहुत जिंदगियां बर्बाद की हैं। जब से मैंने उनके खिलाफ केस फाइल किया है, वो हाथ धोकर मेरे पीछे पड़ गए हैं। अलग-अलग तरीके से वो मेरे घर में घुसने की कोशिश कर रहे हैं।’