पिछले 24 घंटे में 14 हजार लोगों को कोरोना का टीका लगाकर दिल्ली ने बनाया नया रिकॉर्ड

243

एक दिन में 14 हजार लोगों को कोरोना का टीका लगाकर दिल्ली ने नया रिकॉर्ड बनाया है। इससे ठीक एक दिन पहले 12 हजार से अधिक लोगों को टीका लगा था। बुधवार को 183 केंद्रों पर 14,743 लोगों को टीका लगाया गया, जिनमें स्वास्थ्य कर्मचारियों के अलावा दिल्ली पुलिस और सिविल डिफेंस के जवान भी शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, 150 केंद्रों पर कोविशील्ड टीके की खुराक दी गई। इन केंद्रों पर 15 हजार लोगों को टीका देने का लक्ष्य था।

हालांकि शाम तक 12,490 का आंकड़ा ही पूरा हो सका। वहीं 33 केंद्रों पर कोवाक्सिन टीका दिया गया। यहां 2,253 लोगों ने टीका लगवाया। इस दौरान सात लोगों ने टीका लगने के बाद दर्द या बुखार होने की शिकायत की। इनमें से पांच लोगों ने कोविशील्ड का टीका लेने के बाद शिकायत दी।

जिलावार स्थिति देखें तो पश्चिमी और मध्य जिले में सर्वाधिक कर्मचारियों को टीका लगाया गया। पश्चिमी जिले में 1880 और मध्य जिले में 1846 लोगों को टीका लगाया। सबसे ज्यादा 30 केंद्र मध्य दिल्ली में बनाए गए हैं। वहीं उत्तरी और उत्तर-पूर्वी जिले में रिकॉर्ड टीकाकरण भी देखने को मिला।

उत्तर-पूर्वी जिले में पांच केंद्र बनाए गए, जहां 500 लोगों को टीका लगना था, लेकिन यहां 884 कर्मचारियों ने आगे आकर पहली खुराक ली। ठीक इसी तरह उत्तरी जिले में 100 फीसदी से अधिक टीकाकरण किया गया। यहां छह केंद्रों पर 600 लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य था, लेकिन शाम तक 623 कर्मचारियों को खुराक दी गई। इनमें से किसी ने भी टीका लगने के बाद दुष्प्रभाव की शिकायत नहीं की। इनके अलावा नई दिल्ली जिले के 15 केंद्रों पर रिकॉर्ड 1580 लोगों को टीका दिया, जबकि दक्षिण-पश्चिमी जिले के 15 केंद्रों पर 1474 लोग पहुंचे। यह लक्ष्य पूरा करने में काफी नजदीक तक पहुंच गया था।