जेपी नड्डा का मुख्यमंत्री वी नारायणस्वामी पर हमला , बोले- 23 से ज़्यादा जीतेंगे सीट

252

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा तीन दिवसीय तमिलनाडु और पुदुचेरी की यात्रा पर हैं। पुदुचेरी की अपनी एक दिवसीय यात्रा के दौरान उन्होंने रविवार को मुख्यमंत्री वी नारायणस्वामी पर केंद्र शासित प्रदेश के लोगों को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया। पुडुचेरी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि जब वी नारायणसामी भारत सरकार में मंत्री थे, तो उन्होंने झारखंड का 5,000 करोड़ का कर्ज माफ कर दिया था, लेकिन उन्होंने पुडुचेरी का कर्ज माफ नहीं किया। वो इस समय पुडुचेरी के मुख्यमंत्री हैं, उन्होंने पुडुचेरी के साथ इस तरह का इंसाफ किया है।

नारायणस्वामी द्वारा केंद्रीय मंत्री रहते हुए किए गए कार्यों और वाजपेयी सरकार द्वारा किए गए कार्यों की तुलना करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पिछले 35 वर्षों के शासन में 52 प्रतिशत आबादी गरीबी रेखा से नीचे रह रही है। वाजपेयी सरकार के समय में पुडुचेरी को 70 प्रतिशत का अनुदान दिया जाता था। जब वी नारायणस्वामी केंद्रीय मंत्री बने तो इसे घटाकर 30 प्रतिशत कर दिया गया।

जेपी नड्डा ने आगे कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पार्टी छोड़ रहे हैं, मैं उनका स्वागत करता हूं और उन्हें ये विश्वास दिलाता हूं कि आपके समर्थन के साथ हम पुडुचेरी में बदलाव की शुरुआत करेंगे। पुडुचेरी में कमल खिलेगा। उन्होंने कहा कि मैं आपको विश्वास दिलाना चाहूंगा कि आगामी विधानसभा चुनाव में हमारी सीटों की संख्या 23 से ज़्यादा होगी और हम सरकार बनाएंगे। सरकार में आने पर हम स्थानीय निकाय के चुनाव कराएंगे।