गंगा में बहते शवों को देखकर फरहान और परिणीति ने दी प्रतिक्रिया, एक्ट्रेस बोलीं- ‘ऐसा करने वाले राक्षस’

217

कोरोना की दूसरी लहर से देश में पहले ही हालात बेकाबू नजर आ रहे हैं। ऐसे में बिहार और उत्तर प्रदेश में गंगा नदी में बहती लाशों के मामले से पूरे देश में हड़कंप मच गया है। हर कोई इस मामले की गंभीरता पर सवाल उठा रहा है। वहीं कई फिल्मी सितारों ने भी इसपर अपनी प्रतिक्रिया दी है। अभिनेता फरहान अख्तर और अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा ने इस मामले की कड़ी निंदा की है। 

दरअसल, फरहान अख्तर ने ट्वीट कर लिखा कि ‘नदियों में और नदी किनारे मिले शवों के अंबार की खबर दिल दहला देने वाली है। यह वायरस किसी ना किसी दिन हारेगा लेकिन सिस्टम की इस हार की भी जवाबदेही होनी चाहिए। तब तक यह महामारी का चैप्टर बंद नहीं होगा।’

वहीं परिणीति चोपड़ा ने ट्वीट कर लिखा, ‘इस महामारी ने इंसानियत का सबसे खराब चेहरा सामने लाकर रख दिया है। जिनकी लाशें तैर रही हैं वो लोग भी जिंदा थे। किसी की मां, किसी की बेटी, पिता या बेटा रहे होंगे। अगर आपकी बॉडी नदी किनारे मिलती या आप अपनी मां के शव को नदी किनारे तैरता देखते तो कैसा लगता? वास्तव में यह सोच से परे है। ऐसा करने वाले सच में राक्षस हैं।’

लोग इस घटना से सहमे और चिंतित नजर आ रहे हैं। वहीं फरहान और परिणीति के अलावा भी कई सितारों ने इसके खिलाफ आवाज उठाई है। उर्मिला मातोंडकर ने भी इस तरह की हरकत को दुखद बताया है। वहीं पूजा भट्ट ने भी इस मामले की कड़ी निंदा की है। इसके अलावा जावेद जाफरी ने भी इस घटना को दिल दहला देने वाला और भयावह बताया था।