बिना अनुमति रोड शो करने पर धौलाना विधायक असलम चौधरी सहित उनके समर्थकों पर FIR दर्ज

187
FIR registered against Dhaulana MLA
FIR registered against Dhaulana MLA

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों (UP Election 2022) में प्रत्याशियों द्वारा चुनाव प्रचार के दौरान आचार संहिता उल्लंघन की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। अब गाजियाबाद केडासना में कथित तौर पर बिना अनुमति के रोड शो करने पर धौलाना विधायक असलम चौधरी और उनके दो हजार समर्थकों के खिलाफ मसूरी थाना पुलिस ने केस दर्ज किया है। डासना चौकी प्रभारी डॉ. रामसेवक की तहरीर पर दर्ज किए गए मुकदमे में धारा-144 और कोविड-19 प्रोटोकॉल के उल्लंघन की धारा लगाई गई हैं।

मसूरी एसएचओ योगेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि धौलाना विधायक असलम चौधरी ने प्रशासन से बिना अनुमति लिए रविवार को डासना क्षेत्र में रोड शो किया था। इस दौरान करीब दो हजार कार्यकर्ताओं के साथ विधायक ने प्रचार-प्रसार किया। एसएचओ का कहना है कि विधायक द्वारा बिना अनुमति रोड शो करना आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन है।

जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश में 403 विधानसभा क्षेत्रों के लिए सात चरणों में मतदान 10 फरवरी से शुरू होगा। उत्तर प्रदेश में मतदान 10 फरवरी, 14, 20, 23, 27 फरवरी और 3 और 7 मार्च को सात चरणों में होंगे। मतों की गिनती 10 मार्च को होगी। गाजियाबाद जनपद में पहले चरण में 10 फरवरी को मतदान होगा।

गौरतलब है कि देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में विधानसभा की 403 सीटें हैं। वर्ष 2017 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों में भाजपा को शानदार सफलता मिली थी। उत्तर प्रदेश में मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल 14 मई 2022 को समाप्त हो जाएगा। 2012 से 2017 तक उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी को 2017 के विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश विधानसभा की 403 सीटों में सिर्फ 47 सीटों पर जीत मिली थी, जबकि भारतीय जनता पार्टी ने अकेले 312 और उसके सहयोगियों ने 13 सीटें जीती थीं। वहीं, BSP को 19, कांग्रेस को 07 सीट और अन्य को 5 सीटें मिली थीं। 2014 और 2019 के लोकसभा चुनाव में भी भाजपा को भारी जीत मिली थी।