बिहार में फिर मिले 581 कोरोना संक्रमित, कुल संख्या 2.26 लाख के पार

269

बिहार में एक बार फिर कोरोना के 581 नए पॉजिटिव मिले हैं। शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग ने 1.36 लाख टेस्ट किए जिसमें ये नए पॉजिटिव मिले हैं। इसके साथ ही अब तक मिल चुके पॉजिटिव की संख्या 2.26 लाख के आंकड़े को पार गई।

स्वास्थ्य विभाग ने शुक्रवार को जानकारी दी कि टेस्ट की संख्या लगातार एक लाख से ज्यादा है मगर रोज औसतन पांच सौ से सात सौ मरीज ही मिल रहे हैं। जबकि बिहार में कोरोना से स्वस्थ होने की दर काफी बेहतर है। पिछले 24 घंटे में 870 कोरोना संक्रमित स्वस्थ हुए हैं। इसके साथ ही स्वस्थ होने वालों की संख्या राज्य में 2.18 लाख से ज्यादा हो गई है।

विभाग ने जानकारी दी कि प्रदेश के एक्टिव मामलों की संख्या में और कमी आई है। शुक्रवार को एक्टिव केस की संख्या घटकर 6078 हो गई है। गुरुवार को यह संख्या 6374 थी। कोरोना के नियंत्रण में आने की खबरों के बीच इस बीमारी के शिकार रहे और सात लोगों की शुक्रवार को मौत हो गई। इसके साथ ही कोरोना से मरने वालों की संख्या प्रदेश में बढ़कर 1174 हो गई है।