अखिलेश का बड़ा हमला – जनता के अधिकारों को कुचलने का काम रही भाजपा सरकार

266
akhilesh yadav
akhilesh yadav

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि जनता की आवाज बुलंद करने के लिए ट्रैक्टर से विधानभवन जा रहे समाजवादी पार्टी के विधायकों के साथ दुर्व्यवहार लोकतांत्रिक अधिकारों की हत्या है। यह समाजवादी पार्टी विधायकों के प्रति भाजपा की विद्वेषपूर्ण नीति-रीति की भी परिचायक है। विधायकों को अपमानित करने के अलावा ट्रैक्टर जब्त कर लिये गए। उनके ड्राइवरों की बुरी तरह पिटाई की गई है। सत्ता के हर अन्याय और अत्याचार का उत्तर जनता अवश्य मांगेगी।

अखिलेश ने कहा कि गुरुवार को विधान भवन पर ट्रैक्टर के साथ जा रहे आनन्द भदौरिया, उदयवीर सिंह, संग्राम सिंह और राजेश यादव राजू, अमिताभ बाजपेयी, राजपाल कश्यप, रामवृक्ष यादव, सुनील सिंह साजन के प्रदर्शन करने पर उन्हें अपमानित किया गया। विधायकों को अपमानित करने की यह निंदनीय परम्परा भाजपा सरकार ने डाली है जिसका उसे भी भुगतान करना होगा।चाहे केन्द्र की ‘कील ठोको भाजपा सरकार हो या उत्तर प्रदेश की ‘ठोक देने वाली भाजपा सरकार, ये सभी किसान आंदोलन के साथ खड़े जनसमर्थन से डरकर किसानों के प्रतीक तक से भयभीत हो उठे हैं।

यह डर ही है जो भाजपा सरकार को आक्रांत किए हुए है। इसमें वे उचित-अनुचित का भेद भी भूल गए हैं और जनता के अधिकारों को भी कुचलने की कुचेष्टा की जा रही है। जब 2022 में विधानसभा चुनाव होंगे तो जनता का एक-एक वोट समाजवादी पार्टी को मिलेगा। किसान विरोधी, भाजपा सरकार को सत्ता से बेदखल करने का मन लोगों ने बना लिया है। समाजवादी पार्टी विधायकों के साथ पुलिस की बदसलूकी से भाजपा सरकार का तम्बू उखाड़ना तय है।