जातिगत टिप्पणी मामले में युवराज सिंह के बाद युविका चौधरी को हरियाणा पुलिस ने किया गिरफ्तार – हुई जमानत पर रिहा

237

‘बिग बॉस’ फेम अभिनेत्री युविका चौधरी को हरियाणा पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। युविका पर एक वीडियो में अनुसूचित जाति को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी का आरोप है। हांसी (हिसार, हरियाणा) थाना पुलिस ने उनसे करीब तीन घंटे तक पूछताछ की। अभिनेत्री पर एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। हालांकि बाद में उन्हें पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट ने अंतरिम जमानत दे दी।

युविका मुंबई से हांसी पहुंची थीं। उनके वकील अशोक बिश्नोई ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, ‘मेरी क्लाइंट हाई कोर्ट के दिशा-निर्देशों के अनुसार जांच में शामिल हुईं और वह अभी अंतरिम जमानत पर हैं।‘ अब इस केस में 24 नवंबर को हाईकोर्ट में सुनवाई होगी।

क्या है पूरा मामला
इसी साल मई में युविका ने अपने पति और अभिनेता प्रिंस नरूला के साथ एक वीडियो बनाया था। वीडियो में वह जातिगत टिप्पणी करती हैं। मामला बढ़ा तो युविका ने माफी भी मांगी थी और कहा था कि उन्हें उस शब्द का मतलब नहीं पता था। जिसके बाद दलित अधिकार कार्यकर्ता रजत कलसन ने हांसी में अभिनेत्री के खिलाफ अनुसूचित जाति व जनजाति अत्याचार अधिनियम के तहत मामला दर्ज कराया था

युवराज सिंह भी हुए थे गिरफ्तार
बीते शनिवार को पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह को भी अनुसूचित जाति को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में हरियाणा पुलिस ने गिरफ्तार किया था। उन्हें कुछ देर बाद अंतरिम जमानत पर रिहा कर दिया गया।