भारत में बेकाबू हुआ कोरोना बीते 24 घंटों में रिकॉर्ड 90 हजार मामले आए तो 73 हजार ठीक भी हुए

578

देश में कोरोना वायरस (COVID-19) संक्रमण की तस्वीर डरावनी होती जा रही है। महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और दक्षिण भारत के कुछ राज्यों में कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। शनिवार को देशभर में करीब 90 हजार नए मामले सामने आए। संक्रमितों का आंकड़ा 41 लाख को पार कर गया। शुक्रवार को ही मरीजों की संख्या 40 लाख से अधिक हुई थी। मात्र 13 दिन के भीतर मरीजों का आंकड़ा 30 लाख से 40 लाख पर पहुंचा था। हालांकि, अच्छी बात यह भी है कि रोज रिकॉर्ड संख्या में मरीज ठीक भी हो रहे हैं।

केंद्रीय स्वास्थ्य व परिवार कल्याण मंत्रालय की तरफ से रविवार को (6 सितंबर 2020) सुबह आठ बजे जारी आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटे में कोरोना के 90 हजार 633 मामले सामने आए और 1,065 लोगों की मौत हो गई। इस दौरान रिकॉर्ड 73 हजार 642 मरीज ठीक हुए और 10 लाख 92 हजार 654 सैंपल टेस्ट हुए। देश में अब तक कुल 41 लाख 13 हजार 812 मामले सामने आ गए हैं। इनमें से आठ लाख 62 हजार 320 एक्टिव केस है। 31 लाख 80 हजार 866 मरीज ठीक हो गए हैं। 70 हजार 626 लोगों की मौत हो गई है। आब कुल चार करोड़ 88 लाख 31 हजार 145 सैंपल टेस्ट हुए। रिकवरी रेट 77.32 फीसद है। डेथ रेट 1.72 फीसद है।