World Corona update: दुनियाभर में बीते 24 घंटे में पाए गए आठ लाख से ज्यादा नए संक्रमित, 14 हजार से अधिक पीडि़तों की मौत

173

कोरोना महामारी की दूसरी लहर की चपेट में आए कई देशों में इस घातक वायरस का कहर गहराता जा रहा है। इसका नतीजा वैश्विक स्तर पर संक्रमित लोगों की संख्या में बढ़ोतरी के तौर पर सामने आ रहा है। बीते 24 घंटे में विश्व में आठ लाख से ज्यादा नए मामले पाए गए। 14 हजार से अधिक पीडि़तों की मौत हो गई। जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के डाटा के अनुसार, बुधवार सुबह कोरोना पीडि़तों का वैश्विक आंकड़ा बढ़कर 14 करोड़ 26 लाख से ज्यादा हो गया।

एक दिन पहले यह संख्या 14 करोड़ 18 लाख से अधिक थी। जबकि कोरोना से मरने वालों की संख्या 30 लाख 41 हजार 541 हो गई है। एक दिन पहले यह आंकड़ा 30 लाख 27 हजार 353 था। इससे जाहिर होता है कि दुनियाभर में बीते 24 घंटे के दौरान करीब 14 हजार से अधिक पीडि़तों की जान गई।

विश्व में कोरोना महामारी से सबसे ज्यादा जूझ रहे अमेरिका में अब तक पांच लाख 82 हजार से ज्यादा पीडि़तों की मौत हुई है। जबकि तीन करोड़ 25 लाख से अधिक संक्रमित पाए गए हैं। अमेरिका के बाद भारत और ब्राजील सबसे अधिक प्रभावित हैं।

ब्राजील के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, देश में बीते 24 घंटे के दौरान 69 हजार 381 नए संक्रमित पाए जाने से पीडि़तों का आंकड़ा एक करोड़ 40 लाख के पार पहुंच गया। इस अवधि में 3,321 पीडि़तों के दम तोड़ने से मरने वालों की संख्या तीन लाख 78 हजार से अधिक हो गई है।