Assembly Elections 2021: व्हील चेयर पर ममता करेंगी रोड शो, चोटिल पैर के साथ BJP पर वार को तैयार

451

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमाल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी बीते दिनों नंदीग्राम में चोट लगने की वजह से घायल हो गई थीं। लेकिन चुनाव सिर पर हो और एक सत्तारूढ़ पार्टी की मुखिया ममता भला आराम कैसे कर सकती हैं। तृणमूल कांग्रेस के सूत्रों से पता लगा है कि ममता बनर्जी आज शाम गांधी मूर्ति से हजरा तक व्हीलचेयर पर एक रोड शो करेंगी। वह आज दोपहर हाजरा में एक सार्वजनिक रैली को संबोधित करेंगी।

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अस्पताल से अपने समर्थकों के लिए जो वीडियो जारी किया था, उसमें उन्होंने कहा था, ”मुझे अपने अगले दो से तीन दिनों में जमीन पर वापस लौटने की उम्मीद है। चोट फिर भी बरकरार रह सकती है, लेकिन मैं मैनेज कर लूंगी। मैं एक भी मीटिंग ड्रॉप नहीं करूंगी। हो सकता है कि कुछ दिनों के लिए मुझे व्हीलचेयर की मदद लेनी पड़े। मैं आपका सपोर्ट चाहती हूं।”

दूसरी ओर ममता बनर्जी के घायल होने के बाद पश्चिम बंगाल में विपक्षी दलों ने सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है। यह सतर्कता सहानुभूति वोट को लेकर बरती जा रही है। कांग्रेस पार्टी ने हाल ही में अपने प्रदेश अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी के उस बयान से असहमति जाता दी थी, जिसमें उन्होंने कहा था कि ममता नंदीग्रास सीट हार रही हैं, इसलिए वह नौटंकी कर रही हैं। कांग्रेस पार्टी को अधीर रंजन के नौटंकी शब्द से आपत्ति थी। इतना ही नहीं, भाजपा और वामदलों ने भी अपनी रणनीति बदल ली है। अब देखना दिलचस्प होगा कि ममता बनर्जी जब घायल होने के बाद पहली बार चुनाव मंच पर जनता के सामने होंगी तो वह किस तरह विपक्ष पर हमला करती हैं।

इधर, टीएमसी ने पश्चिम बंगाल चुनाव 2021 के लिए अपने चुनाव घोषणापत्र को जारी करने का कार्यक्रम आज भी रद्द कर दिया है। पहले ये ममता के घायल होने पर रद्द किया गया था। इसे कब घोषित किया जाएगा इसकी जानकारी अभी नहीं मिली है।