Weather Update today: दिसंबर तक बढ़ जाएगी ठंड, जानें आज का मौसम का हाल

    180
    Weather Update Today

    देश में धीरे-धीरे ठंड बढ़ती जा रही है। मौसम विभाग ने शीत लहर के दोबारा शुरू होने की आशंका जताई है। कुल मिलाकर दिसंबर में सर्दी अपने चरम पर होगी। शुक्रवार की तुलना में शनिवार सुबह दिल्ली-एनसीआर में मौसम बेहद ठंड रहा। वहीं यूपी, पंजाब समेत कई राज्यों में मौसम साफ हो गया है। उत्तर भारत में बढ़ी ठंड के बीच हिमाचल प्रदेश के दूरदराज इलाकों में शुक्रवार को फिर बर्फबारी दर्ज हुई है। वहीं बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की वजह से मौसम वैज्ञानिकों ने तमिलनाडु और पुडुचेरी में अगले हफ्ते और अधिक बारिश होने संभावना जताई है। बता दें कि तमिलनाडु और पुडुचेरी में भीषण तूफान ‘निवार’ के कारण पहले ही भारी बारिश हुई है।

    हरियाणा में शनिवार सुबह रेवाड़ी का न्यूनतम तापमान तो 7.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि शुक्रवार को यहां पर 10.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।रिपोर्ट के मुताबिक, पहाड़ों में बर्फबारी का असर भी साफ दिखाई दे रहा है। आसमान साफ होने और सर्द हवाएं चलने से भी लगातार ठंड बढ़ती जा रही है। वहीं, सर्दी का असर मॉर्निंग वॉक करने वालों पर भी पड़ा रहा है। लोग अब पार्कों में पहले की अपेक्षा कम दिखाई दे रहे हैं।

    भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (Indian Meteorological Department) का पूर्वानुमान है कि राजधानी दिल्ली समेत कई राज्यों में शनिवार को आसमान साफ रहेगा। सुबह के समय धुंध होगी। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 25 और 9 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।