Weather update: मध्यप्रदेश में आठ और नौ जनवरी को फिर छाएंगे बादल, होगी झमाझम बारिश

    276
    Weather Alert

    चार दिन से सक्रिय तीन वेदर सिस्टम कमजोर पड़ चुके हैं। इस वजह से प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में नमी कम होने से मौसम साफ होने लगा है। धूप निकलने से बुधवार को अधिकतम तापमान में भी तेजी आई। हवा का रुख दक्षिणी बना रहने से गुरुवार को निमाड़ क्षेत्र में बौछारें पड़ने की संभावना है। गुरुवार को उत्तर भारत में एक पश्चिमी विक्षोभ के दाखिल होने से शनिवार-रविवार को भी कहीं-कहीं बरसात होने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के आगे बढ़ने पर न्यूनतम तापमान में गिरावट होने लगेगी।

    मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक बुधवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से पांच डिग्री) अधिक रहा। यह मंगलवार के अधिकतम तापमान (25.3 से 4.3 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 15.2 डिग्री (सामान्य से पांच डिग्री) अधिक है।

    वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि उत्तरी पाकिस्तान और आसपास बना पश्चिमी विक्षोभ कमजोर प़़ड गया है। दक्षिण-पश्चिम राजस्थान पर बना प्रेरित चक्रवात भी कमजोर पड़कर हरियाणा की तरफ खिसक गया है। इसके अलावा गुजरात से राजस्थान पर बने सिस्टम से होकर पंजाब तक जा रहा ट्रफ गुजरात से उत्तरी पंजाब तक बना हुआ है। इस सिस्टम का मप्र के मौसम पर असर नहीं पड़ रहा है। इस वजह से बुधवार को प्रदेश के अधिकांश स्थानों से बादल छंट गए और धूप निकलने से दिन का तापमान भी बढ़ गया।

    सात जनवरी को एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत में पहुंचेगा। इसके प्रभाव से आठ जनवरी से फिर बादल छाने लगेंगे और होशंगाबाद, जबलपुर, भोपाल, संभाग में कहीं-कहीं बारिश होगी। नौ जनवरी को भी मालवा-निमाड़ क्षेत्र के अलावा भोपाल, होशंगाबाद और जबलपुर संभाग के जिलों में बौछारें पड़ने की संभावना है।