कानपुर देहात में युवक पर पुलिस के लाठी चार्ज पर वरुण गांधी का उत्तर प्रदेश सरकार पर हमला कहा – भयभीत समाज कानून के राज का उदाहरण नहीं

364
Varun Gandhi
Varun Gandhi

केन्द्र के साथ ही उत्तर प्रदेश सरकार पर लगातार हमला बोलने वाले भारतीय जनता पार्टी के सांसद वरुण गांधी ने कानपुर देहात में बच्चे को गोद लिए युवक पर दारोगा के लाठी बरसाने के मामले पर ट्वीट किया है। लखनऊ में शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों पर लाठी चार्ज के मामले में सरकार पर कटाक्ष करने वाले पीलीभीत से भारतीय जनता पार्टी के सांसद वरुण गांधी ने कानपुर देहात के इस मामले में पुलिस पर तंज कसा है। पुलिस ने इस प्रकरण पर सफाई देने के साथ ही दारोगा को सस्पेंड कर दिया है।

वरुण गांधी ने शुक्रवार को ट्वीट किया है कि सशक्त कानून व्यवस्था वो है जहां कमजोर से कमजोर व्यक्ति को न्याय मिल सके। यह नहीं कि न्याय मांगने वालों को न्याय के स्थान पर इस बर्बरता का सामना करना पड़े,यह बहुत कष्टदायक है। भयभीत समाज कानून के राज का उदाहरण नहीं है। सशक्त कानून व्यवस्था वो है जहां कानून का भय हो, पुलिस का नहीं। इससे पहले भी पीलीभीत से सांसद व बीजेपी नेता वरुण गांधी ने बीते रविवार को 69 हजार सहायक शिक्षक भर्ती अभ्यर्थियों पर हुए लाठीचार्ज का वीडियो ट्वीट किया है। वीडियो ट्वीट करते हुए वरुण गांधी ने योगी आदित्यनाथ सरकार से सवाल भी किया था। लिखा था कि यह बच्चे भी मां भारती के लाल हैं, इनकी बात मानना तो दूर, कोई सुनने को तैयार नहीं है। इस पर भी इनके ऊपर ये बर्बर लाठीचार्ज। अपने दिल पर हाथ रखकर सोचिए क्या ये आपके बच्चे होते तो इनके साथ यही व्यवहार होता। आपके पास रिक्तियां भी हैं और योग्य अभ्यर्थी भी, तो भर्तियां क्यों नहीं।

सशक्त कानून व्यवस्था वो है जहां कमजोर से कमजोर व्यक्ति को न्याय मिल सके।

यह नहीं कि न्याय मांगने वालों को न्याय के स्थान पर इस बर्बरता का सामना करना पड़े,यह बहुत कष्टदायक है।भयभीत समाज कानून के राज का उदाहरण नहीं है।

सशक्त कानून व्यवस्था वो है जहां कानून का भय हो,पुलिस का नहीं।