उत्तराखंड सल्ट विधानसभा उपचुनाव 2021: सल्ट का समर पैनल तैयार, कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य की अध्यक्षता में कोर ग्रुप की बैठक आज

529

सल्ट विधानसभा उपचुनाव में उम्मीदवार तय करने के लिए भाजपा ने नामों का पैनल तैयार कर दिया है। शनिवार को शाम सात बजे कोर ग्रुप की बैठक में इन नामों पर विचार होगा।

कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय कमेटी ने सल्ट विधानसभा क्षेत्र में पार्टी के पदाधिकारियों व वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से चर्चा की। चर्चा के दौरान जो नाम कमेटी को सुझाए गए, उसमें नामों का एक पैनल तैयार किया गया।

सूत्रों के मुताबिक, पैनल में पूर्व विधायक स्वर्गीय सुरेंद्र सिंह जीना के भाई महेश जीना, पार्टी के वरिष्ठ नेता दिनेश मेहरा, डॉ. यशपाल रावत के नाम भी शामिल हैं। रविवार को शाम सात बजे कोर ग्रुप की बैठक में इन नामों पर चर्चा होगी।

सोमवार तक पार्टी अपना प्रत्याशी घोषित कर सकती है। कोर ग्रुप की बैठक में प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, समिति के सदस्य राज्यमंत्री डॉ. धनसिंह रावत, प्रदेश महामंत्री सुरेश भट्ट समेत पार्टी सांसद व प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय कुमार व अन्य नेता भाग लेंगे।

सल्ट विधानसभा उपचुनाव को लेकर भाजपा ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मौलेखाल (अल्मोड़ा) में पोखरी मैदान में पार्टी ने विधानसभा क्षेत्र के सल्ट और मछोड़ मंडल के कार्यकर्ता के साथ संवाद आयोजित किया। कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य ने कहा कि कार्यकर्ताओं एकजुट होकर चुनाव लड़ना है और पार्टी प्रत्याशी को विजयी बनाना है।

यशपाल आर्य ने कहा कि प्रत्याशी कोई भी हो पदाधिकारी और कार्यकर्ता लगातार क्षेत्र में बने रहेंगे। पार्टी प्रत्याशी को अधिक से अधिक वोटों से जिताना ही पूर्व विधायक स्व. सुरेंद्र सिंह जीना को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धन सिंह रावत ने कहा कि कार्यकर्ताओं की व्यक्तिगत राय लेकर देहरादून में मंत्रणा के बाद केंद्रीय नेतृत्व सल्ट उपचुनाव के लिए प्रत्याशी तय करेगा।

प्रदेश महामंत्री सुरेश भट्ट ने कहा कि हमें केवल कमल निशान देखना है प्रत्याशी कोई भी हो सबको एक साथ मिलकर भाजपा प्रत्याशी को जिताना है।

राज्य और केंद्र सराकर की जनकल्याणकारी योजनाओं को पार्टी कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को बताएं। बैठक में दिनेश मेहरा, प्रताप रावत, महेश जीना, डॉ. यशपाल रावत, गिरीश कोटनाला, नरेंद्र भंडारी, प्रेम शर्मा, विक्रम बिष्ट, गिरीश सत्यवली आदि थे।