बिहार की कानून व्‍यवस्‍था पर कुशवाहा ने कसा तंज, सवालों से गुस्‍सा जाते हैं CM नीतीश, इससे राज्य में सुधार हो तो यह भी ठीक

211

राष्टीय लोक समता पार्टी के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने बिहार में कानून व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधा है। शुक्रवार को उन्‍होंने कहा कि मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार कानून व्‍यवस्‍था के मामले को लेकर सवाल करने से गुस्सा हाे जा रहे हैं। अगर उनके गुस्‍सा करने से अपराधिक घटनाएं रुक जाती हैं और कानून व्यवस्था ठीक हो जाता है तो उन्हें बेशक गुस्सा करना चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य में अपराध बढ़ रहा है। एयरपोर्ट के पास गोली चल रही है। कानून व्‍यवस्‍था मुख्यमंत्री की जिम्मेवारी है। इससे वे भाग नहीं सकते हैं।

विवादित हो कि बीते कुछ समय के दौरान बिहार में कई बड़े व चर्चित अपराध हुए हैं। राजधानी में भी बीते 12 जनवरी की शाम सरेआम इंडिगो एयरलाइंस के पटना एयरपोर्ट के स्‍टेशन मैनेजर की हत्‍या इसे लेकर विपक्ष हमलावर है। उपेंद्र कुशवाहा का बयान भी इसी की कड़ी है।

उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि यदि अधिकारी एक्शन नहीं ले रहे हैं तो मुख्‍यमंत्री को एक्शन में आना चाहिए। काम नहीं करने वाले पुलिस के जिम्मेवार अधिकरियों पर कारर्वाई होनी चाहिए। कानून व्यवस्था को ठीक करने पर ध्यान देने की जरुरत है। आज राज्य में अपराधियों का मन बढ़ा हुआ है, यह सभी देख रहे हैं। लालू-राबड़ी राज से नीतीश सरकार की तुलना के सवाल पर उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि इसकी जरुरत नही है। पहले क्‍या था, क्‍या नहीं थे; इसे देखने के बदले वर्तमान को ठीक करना जरूरी है।