राहुल गांधी को केंद्रीय मंत्री अठावले की सलाह, हम दो हमारे दो करना है तो शादी कर लेनी चाहिए

475

कांग्रेस नेता राहुल गांधी के हम दो हमारे दो बयान पर केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने उनको सलाह दी है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि राहुल गांधी हम दो हमारे दो का नारा बोल रहे हैं। इसलिए हम दो हमारे दो करना है तो राहुल गांधी को शादी करनी चाहिए और दलित लड़की के साथ शादी करते हैं तो महात्मा गांधी का सपना पूरा होगा और जातिवाद खत्म होगा।

बता दें कि संसद सत्र के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने लोकसभा में कहा था कि पहले कृषि कानून के कंटेंट में मंडियों को खत्म करना है। दूसरे कृषि कानून के कंटेंट में है कि कोई भी उद्योगपति जितना चाहें अनाज, फल और सब्जी उतना स्टोर कर सकते हैं। जमाखोरी को बढ़ावा देना कानून का लक्ष्य है। राहुल गांधी ने कहा कि तीसरे कानून के कंटेंट में है कि जब एक किसान हिंदुस्तान के सबसे बड़े उद्योगपतियों के सामने जाकर सब्जी-अनाज के लिए सही दाम मांगेगे तो उसे अदालत में नहीं जाने दिया जाएगा।

इतना ही नहीं राहुल गांधी ने कहा कि सालों पहले परिवार नियोजन का नारा था हम दो हमारे दो। आज क्या हो रहा है। ये नारा दूसरे रूप में आया है। इस देश को चार लोग चलाते हैं। आज इस सरकार का नारा है हम दो-हमारे दो। राहुल गांधी ने कहा कि दो मित्रों में एक मित्र है उसको फल और सब्जी बेचने का अधिकार। इससे नुकसान ठेले वालों का होगा। छोटे व्यपारियों का होगा। मंडी में काम करने वाले लोगों का होगा। दूसरे मित्र को पूरे देश में अनाज, फल और सब्जी को स्टोर करना है। सदन में राहुल गांधी ने कहा था कि जब ये कानून लागू होंगे। देश के किसान और मजदूर, व्यापारी इनका धंधा बंद हो जाएगा। किसानों का खेत चला जाएगा। सही दाम नहीं मिलेगा और सिर्फ दो लोग हम दो और हमारे दो लोग इसे चलाएंगे।