ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक का एलान, राउलकेला में बनेगा भारत का सबसे बड़ा हॉकी स्टेडियम

1109

प्रतिष्ठित मेन्स हॉकी वर्ल्ड कप 2023 का आयोजन ओडीशा में किया जाएगा और इसके लिए तैयारी शुरू की जा चुकी है। ओडीशा के मुख्यमंत्री श्री नवीन पटनायक ने इस टूर्नामेंट के आयोजन से पहले राउलकेला में एक नए विश्व स्तरीय हॉकी स्टेडियम बनाने की घोषणा की है। इस स्टेडियम में 20,000 दर्शकों के बैठने की व्यवस्था की जाएगी। ये भारत का सबसे बड़ा हॉकी स्टेडियम होगा और इस स्टेडियम में पुरुषों के हॉकी वर्ल्ड कप 2023 के मैचों का आयोजन भी किया जाएगा। सीएम नवीन पटनायक ने इसकी घोषणा गुरुवार को की।

इस स्टेडियम का निर्माण एकड़ जमीन पर बीजू पटनायक यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी कैंपस में किया जाएगा। मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने वीडियो संदेश में कहा कि हमने पहले ही घोषणा की है कि ओडिशा एक बार फिर 2023 में प्रतिष्ठित पुरुष हॉकी विश्व कप का गौरवशाली मेजबान करेगा। 

मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने कहा कि हम राउरकेला में 20,000 की क्षमता वाला नया अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्टेडियम बनाएंगे। इस स्टेडियम में हर तरह की जरूरी सभी आधुनिक सुविधाएं मौजूद होंगी और मुझे उम्मीद है कि यह विश्व में हॉकी के सर्वश्रेष्ठ स्थल के रूप में उभरेगा। हाल ही में एक उच्च स्तरीय टीम ने राउरकेला का दौरा किया था, जिसने प्रतिष्ठित टूर्नामेंट की मेजबानी के लिए शहर में बुनियादी ढांचे और संबद्ध सुविधाओं की समीक्षा की थी। वहीं दूसरी तरफ सुंदरगढ़ जिले के 17 ब्लॉकों में सिंथेटिक हॉकी टर्फ विकसित करने का काम शुरू हो चुका है। 

वर्ल्ड कप हॉकी टूर्नामेंट 2023 का आयोजन राजधानी भुवनेश्वर और सुंदरगढ़ जिले के राउरकेला में होगा। इस जिले के दिलीप तिर्की और सुनीता लाकड़ा जैसे कई मशहूर खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व किया है और राउलकेला में हॉकी को खूब पसंद किया जाता है।