‘सावधान इंडिया’ फेम सुशांत सिंह सोशल मीडिया से ब्रेक लेने के बाद लौटे वापस, किसानों के समर्थन में किया ट्वीट

446

आमिर खान के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म छोड़ने के तुरंत बाद टीवी अभिनेता सुशांत सिंह ने भी ट्विटर से ब्रेक लेने का एलान किया था। सुशांत सिंह ट्विटर पर काफी सक्रिय रहते हैं और कई मुद्दों पर खुलकर अपनी राय रखते आए हैं। किसान आंदोलन को भी उन्होंने समर्थन दिया और कई ट्वीट किए। थोड़े समय के ब्रेक के बाद अब वह फिर से ट्विटर पर वापस लौट आए हैं।

लगभग छह दिन बाद सुशांत ने ट्विटर पर वापसी की है। उन्होंने पहला ट्वीट किसानों के समर्थन में किया और लिखा- ‘मैं वापस लौट आया। #FarmersProtest #FreeAllPoliticalPrisoners.’

इससे पहले सुशांत सिंह ने अपने इंस्टाग्राम पर अपने ट्विटर हैंडल पर किए गए ट्वीट का स्क्रीनशॉट शेयर किया था। जिसमें लिखा था, ‘सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से ब्रेक ले रहा हूं। रिबूट करने की आवश्यकता है।’

साल 2012 में सुशांत क्राइम बेस्ड शो सावधान इंडिया से बतौर होस्ट जुड़े थे। जिसके बाद उन्हें घर-घर में जाना जाने लगा। सुशांत बेबाकी से किसी भी अहम मुद्दे पर बेबाकी से अपनी राय रखते हैं जिसके चलते उन्हें कई बार नुकसान भी भुगतना पड़ जाता है। उन्होंने नागरिकता संशोधन कानून (CAA) का भी विरोध किया था। सुशांत ने कहा था कि इस वजह से उन्हें सावधान इंडिया से बाहर कर दिया गया था।