रूस-यूक्रेन युद्ध: कीव पर कब्जा नहीं कर पा रही है रूसी सेना, राष्ट्रपति पुतिन ने बदल दिया कमांडर

366
Vlamdir Putin
Vlamdir Putin

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन में युद्ध का नेतृत्व करने के लिए नए सेना जनरल की नियुक्ति की है। पुतिन ने रूस के दक्षिणी सैन्य जिले के कमांडर अलेक्जेंडर ड्वोर्निकोव को यह जिम्मेदारी दी है। मालूम हो कि रूसी सेना अब तक यूक्रेन की राजधानी कीव पर कब्जा नहीं कर सकी है। ड्वोर्निकोव को यूक्रेन में रूस के सैन्य अभियान का थिएटर कमांडर बनाया गया है। ऐसी अटकलें हैं कि रूस के नए जनरल को 9 मई यानी ‘विजय दिवस’ से पहले युद्धक्षेत्र में प्रगति का टारगेट दिया गया है।

9 मई ‘विजय दिवस’ रूस में सबसे महत्वपूर्ण दिन है, क्योंकि यह द्वितीय विश्व युद्ध में जर्मनी पर सोवियत संघ की विजय की वर्षगांठ का प्रतीक है। यूरोपीय अधिकारी ने विजय दिवस ​​​​की महत्ता को स्वीकार किया। उन्होंने कहा कि यह रूसियों को अतिरिक्त गलतियां करने के लिए प्रेरित कर सकता है या संभावित रूप से रूसी सेना को और अधिक अत्याचार करने के लिए प्रोत्साहित कर सकता है, जैसा कि कथित तौर पर बुका में हुआ था।

यूक्रेन के उत्तरी इलाके से रूसी सैनिक हटे लेकिन…
वहीं, ब्रिटेन ने कहा है कि रूस ने यूक्रेन के उत्तरी इलाके से अपने सैनिकों को पूरी तरह हटा लिया है। रक्षा मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि रूस अपने कुछ सैनिकों को युद्ध के लिए डोनबास क्षेत्र रवाना करेगा। मंत्रालय ने ट्वीट किया, “यूक्रेन के उत्तर से रूसी सेना को पूरी तरह हटाकर रूस और बेलारूस भेज दिया गया है।” इनमें से कुछ बलों को डोनबास में लड़ने के लिए पूर्वी यूक्रेन में स्थानांतरित किया जाएगा।

यूक्रेन के पूर्व और दक्षिण में गोलाबारी की जारी
मंत्रालय ने कहा कि इन बलों में से कई को पूर्व में तैनात करने से पहले महत्वपूर्ण बदलाव की आवश्यकता होगी। उत्तर में किसी भी बड़े पैमाने पर पुन: तैनाती में कम से कम एक सप्ताह का समय लग सकता है। रूस सेना की ओर से यूक्रेन के पूर्व और दक्षिण में गोलाबारी की जा रही है। मंत्रालय ने कह कि पूर्व और दक्षिण के शहरों में रूसी गोलाबारी जारी है। रूसी सेना रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण इजियम शहर से दक्षिण की ओर आगे बढ़ गई है।