प्रियंका गाँधी का योगी सरकार पर हमला – ट्वीट किया किसानों को रौंदने का कथित वीडियो, पूछा- कुचलने वाला अबतक क्यों नहीं हुआ गिरफ्तार

428

लखीमपुर खीरी में रविवार को हुई घटना पर प्रशासन और स्थानीय किसानों के बीच समझौता हो गया है लेकिन इस विषय पर सियासत अभी जारी है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी अभी सीतापुर में पुलिस हिरासत में हैं। वो लगातार सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी बात रख रही हैं। अब प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर लखीमपुर की घटना का एक कथित वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में एक जीप शांति से आगे बढ़ रहे किसानों को पीछे से आकर टक्कर मारती है। इस वीडियो को कल आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह ने जारी किया था। इससे पहले किसानों द्वारा भाजपा कार्यकर्ताओं को पीट-पीटकर मार डालने के वीडियो सामने आ चुके हैं।

इस ट्वीट के थोड़ी देर बाद प्रियंका गांधी ने एक और वीडियो ट्वीट किया। इस वीडियो में खुद प्रियंका गांधी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला करती नजर आ रही है। दरअसल इस वीडियो में प्रियंका गांधी ने पीएम मोदी के लखनऊ दौरे से पहले किसानों को लेकर सवाल उठाए हैं। प्रियंका ने लखीमपुर खीरी का कथित वीडियो दिखाते हुए कहा, “मोदी जी नमस्कार, मैंने सुना है कि आज आजादी का अमृत महोत्सव मनाने के लिए आप लखनऊ आ रहे हैं। मैं आपसे पूछना चाहती हूं कि क्या आपने ये वीडियो देखा है… ये वीडियो आपकी सरकार के एक मंत्री के बेटो को किसानों को गाड़ी से कुचलते हुए दिखाता है। इस वीडियो को देखिए और इस देश को बताइए कि इस मंत्री को बर्खास्त क्यों नहीं किया गया है और इस लड़के को अबतक गिरफ्तार क्यों नहीं किया गया है। मेरे जैसे विपक्ष के नेताओं को तो आपने बगैर किसी ऑर्डर, बैगर किसी FIR के हिरासत में रखा है। मैं जानना चाहती हूं कि ये आदमी आजाद क्यों है।”

राहुल बोले- हार नहीं मानेंगी प्रियंका
प्रियंका गांधी इस समय यूपी पुलिस की हिरासत में हैं। राहुल गांधी ने प्रियंका को हिरासत में रखे जाने पर कहा है कि वो डरती नहीं हैं, हार नहीं मानेंगी। राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा, “जिसे हिरासत में रखा है, वो डरती नहीं है- सच्ची कांग्रेसी है, हार नहीं मानेगी! सत्याग्रह रुकेगा नहीं।”

हिरासत से छूटते ही लखीमपुर जाएंगी प्रियंका
कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने मंगलवार को बताया कि प्रियंका गांधी ने साफ़ कहा है कि वह हिरासत से छूटते ही लखीमपुर खीरी जाकर मृतक किसानों के परिजनों से मुलाकात करेंगी। प्रियंका गाँधी के साथ पार्टी के राज्यसभा सदस्य दीपेंद्र हुड्डा, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, राष्ट्रीय सचिव धीरज गुर्जर, युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष बी.वी.श्रीनिवास और विधान परिषद सदस्य दीपक सिंह भी हिरासत में हैं।

लल्लू ने बताया कि द्वितीय वाहिनी पीएसी परिसर के बाहर इस वक्त बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पार्टी के तमाम वरिष्ठ नेता मौजूद हैं और हिरासत में लिए गए सभी नेताओं को छोड़ने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं में प्रियंका गांधी की ग़ैर क़ानूनी हिरासत को लेकर बेहद आक्रोश है। गौरतलब है कि लखीमपुर खीरी जिले के तिकोनिया क्षेत्र में रविवार को उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य द्वारा केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा के पैतृक गांव के दौरे के विरोध को लेकर भड़की हिंसा में चार किसानों समेत आठ लोगों की मौत हो गई थी। इस मामले में मिश्रा के बेटे आशीष समेत कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।