प्रिंस फिलिप पंचतत्व में हुए विलीन, जिस लैंड रोवर को खुद किया था डिजाइन उसी में रखा गया ताबूत, महारानी ने पहनी काली ड्रेस

240

ड्यूक ऑफ एडिनबर्ग प्रिंस फिलिप का शनिवार को विंडसर कैसल में दफना दिया गया। अंतिम संस्कार में उनकी पत्नी एवं ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय ने राजपरिवार के वरिष्ठ सदस्यों के एक छोटे समूह का नेतृत्व किया। इस मौके पर प्रिंस चार्ल्स, राजकुमारी एने, प्रिंस एडवर्ड, प्रिंस विलियम और हैरी भी शामिल थे।

एक मिनट का राष्ट्रीय मौन रखा गया
शनिवार को स्थानीय समयानुसार अपराह्न तीन बजे एक मिनट के राष्ट्रीय मौन के साथ आधिकारिक रूप से विंडसर कैसल के सेंट जॉर्ज चैपल में आधिकारिक रूप से शुरू हुआ यह समारोह बिना किसी उपदेश के एक धार्मिक कार्यक्रम जैसा रहा जो ड्यूक ने खुद चाहा था। बीते शुक्रवार को 99 साल की उम्र में प्रिंस फिलिप का निधन हो गया था।

अंतिम संस्कार की रस्म पर ड्यूक ने दी थी सहमति
बकिंघम पैलेस ने शनिवार को एक बयान में कहा कि अंतिम संस्कार की व्यवस्था पर अपने जीवनकाल में ही ड्यूक ऑफ एडिनबर्ग ने सहमति जताई थी जिसमें ड्यूक के सैन्य प्रभाव व व्यक्तित्व की झलक मिलती है। समारोह के अंत में ड्यूक का ताबूत उनके अंतिम आराम स्थल ले जाया गया।

 
बेंटले कार में सवार थीं एलिजाबेथ
एलिजाबेथ ने इस दौरान काली ड्रेस पहन रखी थी और वह शवयात्रा में राजकीय बेंटले कार में सवार थी। उनके पीछे राजपरिवार के अन्य सदस्य पैदल चल रहे थे। चैपल पहुंचने पर एलिजाबेथ महामारी के चलते भौतिक दूरी संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए वहां बैठीं। फिलिप के अंतिम संस्कार के समय विंडसर के डीन ने कहा, ‘हम साहस, भाग्य और विश्वास के जरिये हमारी महारानी, राष्ट्र और राष्ट्रमंडल की सेवा के प्रति उनकी अटूट निष्ठा से प्रेरित हैं।’

 
महारानी ने जारी की पुरानी तस्वीर
महारानी ने अपने पति के अंत्येष्टि के दिन की शुरुआत स्कॉटलैंड में अपने दिवंगत पति के पास घास पर बैठे हुए ली गई एक तस्वीर जारी कर की। एलिजाबेथ (94) की 73 साल पहले फिलिप से शादी हुई थी और उन्होंने उन्हें अपनी ताकत करार दिया था।

मास्क के साथ दूरी का रखा पूरा खयाल
राजपरिवार के किसी भी सदस्य ने अंतिम संस्कार के कार्यक्रम में ड्यूक के बारे में कुछ नहीं कहा और समूचे कार्यक्रम में सिर्फ 30 लोग शामिल हुए। उन्होंने मास्क लगाने के साथ ही शारीरिक दूरी के नियमों का पालन भी किया।
ताबूत पर रॉयल नौसेना की टोपी व तलवार रखी गई
ब्रिटिश प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन भी हजारों अन्य लोगों की तरह टीवी पर यह कार्यक्रम देखा। अधिकारियों ने बताया कि ताबूत पर फिलिप की रॉयल नौसेना की टोपी और तलवार पुष्प चक्र के साथ रखी थी। सेना की ग्रेनेडियर्स गार्ड रेजिमेंट के जवानों का दस्ता उनके ताबूत को हॉल में लेकर पहुंचा।