भोपाल में किसानों के समर्थन में कांग्रेस ने निकाली रैली, ठंड में पुलिस ने छोड़ी पानी की बौछार, जमकर बरसाईं लाठियां

312

कृषि कानूनों के विरोध और किसान आंदोलन के समर्थन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आज (23 जनवरी) को मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में मार्च निकाला। इस दौरान वे राजभवन घेरने जा रहे थे, लेकिन रास्ते में उनकी भिड़ंत पुलिस से हो गई। इस दौरान पुलिस ने जमकर लाठियां भांजीं। साथ ही, कांग्रेसियों को तितर-बितर करने के लिए वॉटर कैनन का भी इस्तेमाल किया।

प्रदर्शन में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एनपी प्रजापति और विधायक कुणाल चौधरी सहित कई नेता मौजूद थे। पूर्व मुख्यमंत्री के नेतृत्व में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता किसान बड़ी संख्या में जवाहर चौक पहुंचे। रोशनपुरा आते-आते कांग्रेसी कार्यकर्ता उग्र हो गए और पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। उन्होंने बैरिकेड तोड़ दिए। इस प्रदर्शन में महिलाएं भी शामिल रहीं।वहीं, उन्हें रोकने के लिए पुलिस ने कार्यकर्ताओं पर वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया और आंसू गैस के गोले छोड़े।