आजादी के अमृत महोत्सव में PM मोदी बोलें- ‘आज दुनिया के देश हम पर भरोसा जता रहे, ये नए भारत के उदय का प्रतीक’

322

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज गुजरात के अहमदाबाद में आजादी के 75वें साल के जश्न की शुरुआत की। जश्न के इस कार्यक्रम का नाम रखा गया है ‘आजादी का अमृत महोत्सव’। देश की स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में मनाए जाने वाले ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के तहत सात जगहों पर डिजिटल तरीके से प्रदर्शनियों का उद्घाटन किया गया। अहमदाबाद में मुख्य कार्यक्रम का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया। इस मौके पर पीएम मोदी ने अहमदाबाद में कई कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। उन्होंने दांडी मार्च को भी हरी झंडी दिखाई।पीएम मोदी ने अपना संबोधन भी दिया।

पीएम मोदी ने कहा कि आज भी भारत की उपलब्धियां सिर्फ हमारी अपनी नहीं हैं, बल्कि ये पूरी दुनिया को रोशनी दिखाने वाली हैं, पूरी मानवता को उम्मीद जगाने वाली हैं। भारत की आत्मनिर्भरता से ओतप्रोत हमारी विकास यात्रा पूरी दुनिया की विकास यात्रा को गति देने वाली है। पीएम मोदी ने कहा कि कोरोना काल में ये हमारे सामने प्रत्यक्ष सिद्ध भी हो रहा है। मानवता को महामारी के संकट से बाहर निकालने में, वैक्सीन निर्माण में भारत की आत्मनिर्भरता का आज पूरी दुनिया को लाभ मिल रहा है। पीएम मोदी ने कहा कि आज दुनिया के देश भारत का धन्यवाद कर रहे हैं, भारत पर भरोसा कर रहे हैं। यही नए भारत के सूर्योदय की पहली छटा है। यही हमारे भव्य भविष्य की पहली आभा है।

पीएम मोदी ने कहा कि देश इतिहास के इस गौरव को सहेजने के लिए पिछले 6 सालों से सजग प्रयास कर रहा है।हर राज्य, क्षेत्र में इस दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। दांडी यात्रा से जुड़े स्थल का पुनरुद्धार देश ने दो साल पहले ही पूरा किया था। मुझे खुद इस अवसर पर दांडी जाने का अवसर मिला था।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज अहमदाबाद में दांडी यात्रा को रवाना किया। 81 यात्री साबरमती आश्रम से रवाना हुए। देश के विभिन्न राज्यों के विविध गांधीवादी संगठन स्वयंसेवी संस्थाओं के कार्यकर्ता इस दांडी कूच में शामिल हुए।

पीएम मोदी ने इस दौरान कहा कि आज आजादी के अमृत महोत्सव कार्यक्रम का पहला दिन है। यह महोत्सव 15 अगस्त 2022 से 75 सप्ताह पहले शुरू हुआ है और 15 अगस्त 2023 तक चलेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आजादी ने अहमदाबाद में अमृत महोत्सव कार्यक्रम के दौरान कहा कि स्वतंत्रता संग्राम, 75 पर विचार, 75 पर उपलब्धियां, 75 पर कार्य और संकल्प- ये पांच स्तंभ देश को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेंगे।

इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि आजादी का अमृत महोत्सव यानी- आजादी की ऊर्जा का अमृत। आजादी का अमृत महोत्सव यानी – स्वाधीनता सेनानियों से प्रेरणाओं का अमृत। आजादी का अमृत महोत्सव यानी – नए विचारों का अमृत। नए संकल्पों का अमृत। आजादी का अमृत महोत्सव यानी – आत्मनिर्भरता का अमृत।