अनुराग कश्यप की बढ़ सकती है मुसीबत, उनके खिलाफ FIR दर्ज कराएंगी पायल घोष

382

फिल्ममेकर और डायरेक्टर अनुराग कश्यप (Anurag Kashyap) इन दिनों विवादों में घिरते नजर आ रहे हैं। शनिवार को एक्ट्रेस पायल घोष (Payal Ghosh) ने उनपर यौन शोषण का आरोप लगाया था। वहीं अब खबर है कि पायल जल्द ही अनुराग कश्यप के खिलाफ FIR दर्ज करवाने वाली हैं। इस बात का खुलासा पायल के वकील नितिन सतपुते ने किया है।


एक इंटव्यू में वकील नितिन सतपुते ने बताया है कि, ‘पायल घोष ने तय किया है कि आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज करवाएंगी। हम कल ओशिवारा पुलिस स्टेशन में जाकर कंप्लेंट फाइल करेंगे। उन्होंने यह तय किया है कि वो अनुराग कश्यप के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाने वाली हैं।

बीते दिनों पायल ने अनुराग कश्यप पर आरोप लगाते हुए ट्वीट किया था उन्होंने लिखा, “अनुराग कश्यप ने मेरे साथ जबरदस्ती की और बुरा बर्ताव किया.” पायल घोष (Payal Ghosh) ने पीएम नरेंद्र मोदी के ट्विटर एकाउंट को टैग करते हुए लिखा, “प्लीज इस पर एक्शन लीजिए और देश को इस शख्स के पीछे छिपा शैतान दिखाएं। मैं जानती हूं कि ये मुझे नुकसान पहुंचा सकता है, मेरी सुरक्षा खतरे में हैं। कृप्या मदद कीजिए।

जिसके बाद पायल के इस आरोप पर अनुराग कश्यप ने एक के बाद एक कई ट्वीट कर पायल पर पटलवार किया था। उन्होंने लिखा है, ‘क्या बात है, इतना समय ले लिया मुझे चुप करवाने की कोशिश में। चलो कोई नहीं। मुझे चुप कराते-कराते इतना झूठ बोल गए कि औरत होते हुए दूसरी औरतों को भी संग घसीट लिया। थोड़ी तो मर्यादा रखिए मैडम। बस यही कहूंगा कि जो भी आरोप हैं आपके सब बेबुनियाद हैं।’

अनुराग अपने अगले ट्वीट में लिखते हैं- ‘मुझपे आरोप लगाते-लगाते, मेरे कलाकारों और बच्चन परिवार को संग में घसीटना तो मतलब नहले पे चौका भी नहीं मार पाए। मैडम दो शादियां की हैं, अगर वो जुर्म है तो मंजूर है और बहुत प्रेम किया है , वो भी कबूलता हूं।’ अनुराग अपने तीसरे ट्वीट में लिखते हैं- ‘चाहे मेरी पहली पत्नी हों, या दूसरी पत्नी हों। या कोई भी प्रेमिका या वो बहुत सारी अभिनेत्रियां जिनके साथ मैंने काम किया है , या वो पूरी लड़कियों और औरतों की टीम जो हमेशा मेरे साथ काम करती आयीं हैं , या वो सारी औरतें जिनसे मैं मिला बस , अकेले में या जनता के बीच।

आपको बता दें कि पायल घोष ने 2009 की तेलुगु फिल्म ‘प्रायनम’ से करियर शुरू किया और फिर 2011 में कन्नड़ फिल्म ‘वर्षाधारे’ में नजर आईं। उन्होंने 2008 में ब्रिटिश टीवी फिल्म ‘शार्प्स पेरिल’ में भी भूमिका निभाई, इसमें सीन बीन ने अभिनय किया था। बॉलीवुड में उन्होंने केवल एक फिल्म ‘पटेल की पंजाबी शादी’ की है, जिसमें ऋषि कपूर, परेश रावल, वीर दास, प्रेम चोपड़ा और शिल्पा शिंदे थीं।