मेरठ में आज आम आदमी पार्टी की किसान महापंचायत, मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल करेंगे संबोधित

233
arvind kejriwal

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आज मेरठ से 2022 के विधानसभा चुनाव अभियान की शुरुआत करेंगे। रोहटा बाईपास पर संस्कृति रिजॉर्ट में होने जा रही आम आदमी पार्टी की किसान महापंचायत में वह मुख्य अतिथि हैं। कृषि कानूनों की वापसी की मांग उनका मुख्य मुद्दा है। इसके लिए आप कार्यकर्ता पिछले कुछ दिनों से लगातार गांव-गांव जाकर किसानों से जनसंपर्क कर रहे हैं।

दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल प्रदेश में विधानसभा चुनाव लड़ने की घोषणा पहले ही कर चुके हैं। किसान महापंचायत उसी की तैयारी का हिस्सा मानी जा रही है। प्रशासन ने तीन हजार लोगों की किसान महापंचायत की अनुमति दी है। शनिवार को अपार चैंबर में आप के प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह ने बैठक की। कहा, तीनों केंद्रीय कृषि कानून किसानों के लिए फांसी का फंदा हैं। 

पार्टी कृषि कानूनों को निरस्त कराने के लिए सड़क से संसद तक संघर्ष करेगी। किसानों के समर्थन में आवाज उठाने के लिए ही किसान महापंचायत की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि इस महापंचायत में उतर प्रदेश के किसान बड़ी संख्या में शामिल होंगे। आम आदमी पार्टी की नीतियों से प्रभावित होकर आए दिन अलग-अलग राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों से जुड़े लोग पार्टी में शामिल हो रहे हैं।  

 इस दौरान प्रदेश के सह-प्रभारी नदीम जायसी, प्रदेश उपाध्यक्ष सरबजीत मक्कड़, प्रदेश महासचिव दिनेश पटेल, महिला प्रदेश अध्यक्ष नीलम यादव, प्रदेश प्रवक्ता पुष्पेंद्र श्रीवास्तव, प्रदेश सचिव मीनाक्षी श्रीवास्तव, यूथ विंग के प्रदेश अध्यक्ष फैसल वारसी के अलावा मेरठ जिला महासचिव अभिषेक द्विवेदी आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।