लखनऊ: कल मनाई जाएगी गोमय दीपावली, गोबर के एक लाख दीयों से जगमगाएगा गोमती का तट

249

लखनऊ नगर निगम के कान्हा उपवन की गायों के गोबर के बने एक एक लाख दीयों से शुक्रवार को गोमती का झूलेघाट रोशन होगा। दीपावली से ठीक एक दिन पहले गोमय दीपावली मनाई जाएगी। अब तक शहरवासी 50 हजार से अधिक गोबर के दीये निगम से खरीद चुके हैं। साथ ही गोबर से बनी लक्ष्मी गणेश की मूर्तियां भी बेची जा रही हैं।

इन दीपों के जरिए लक्ष्मी-गणेश, नगर निगम व अन्य शब्द रेखांकित किये जाएंगे। बहुत से लोगों को यह आशंका है कि गोबर के दीये हैं तो यह खुद भी जल सकते हैं, लेकिन ऐसा नहीं है। इन दीयों में 20 प्रतिशत मिट्टी भी है। पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए शुरू किए गए इस प्रयास से स्वयं सहायता समूह की करीब 500 महिलाओं को रोजगार भी मिला है।

लखनऊ नगर आयुक्त ने बताया कि शहरवासी घर बैठे ऑनलाइन या कॉल करके दीये मंगवा सकते हैं। निगम के स्वच्छता चैंपियंस उनको घर पर पहुंचाने का काम कर रहे हैं। रोजाना करीब 50 हजार दीये निगम तैयार कर सकता है। प्रमुख बाजार और मॉल में भी गोमय दीप उपलब्ध हैं। ट्विटर एवं फेसबुक से मार्केटिंग की गई है। यह दीये ऑनलाइन विक्रय हेतु उपलब्ध हैं।