Lockdown 2021: कोरोना की दूसरी लहर से हालात बेकाबू, रिकॉर्ड तोड़ बढ़ रहा संक्रमण, देश के कई शहरों में लगा लॉकडाउन

457

कोरोना की दूसरी लहर पर काबू करने के लिए राज्यों ने अपने स्तर पर कड़े कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। राज्यों ने आंशिक लॉकडाउन के साथ ही सार्वजनिक कार्यक्रमों पर प्रतिबंध लगाने का फैसला लिया है। महाराष्ट्र के पुणे में सात दिन तक बार, रेस्त्रां, होटल और धार्मिक स्थल पूरी तरह से बंद रहेंगे। वहीं छत्तीसगढ़ के दुर्ग में 6 से 14 अप्रैल तक संपूर्ण लॉकडाउन लग गया है। इसके अलावा मध्यप्रदेश सरकार ने राज्य के चार जिलों में लॉकडाउन लगा दिया है।

महाराष्ट्र में शुक्रवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 47,827 मामले दर्ज किए गए जो महामारी शुरू होने के बाद राज्य में किसी एक दिन का सर्वाधिक स्तर है। स्वास्थ्य विभाग ने एक बयान में कहा कि संक्रमण के नए मामलों के बाद राज्य में अब तक संक्रमित हुए रोगियों की कुल संख्या 29,04,076 हो गई है। वहीं शुक्रवार को कोरोना के 202 रोगियों की मौत के बाद मृतकों की कुल संख्या 55,379 हो गई है। इस बीच 24,126 मरीजों को छुट्टी दे दी गई, जिससे राज्य में अब तक इस बीमारी से ठीक हो चुके लोगों की संख्या बढ़कर 24,57,494 हो गई। इधर 3,89,832 मरीजों का इलाज चल रहा है। वहीं मुंबई शहर में कोविड-19 के 8,844 नए मामले सामने आए, जो महानगर में अब तक किसी एक दिन में आए सबसे अधिक मामले हैं।

वहीं मुंबई के मेयर किशोरी पेडनेकर ने भी कोविड-19 के बढ़ते मामलों को देखते हुए शहर में कुछ और प्रतिबंध लगाने के संकेत दिए हैं। मुंबई में शुक्रवार को कोविड-19 के 8832 मामले आए। महामारी की शुरुआत होने के बाद से एक दिन में ये सबसे ज्यादा मामले हैं। एक दिन पहले शहर में संक्रमण के 8646 मामले सामने आए थे। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने बताया कि शुक्रवार को 20 मरीजों की मौत हुई जो दिसंबर 2020 के बाद सबसे अधिक संख्या है।