Kisan Tractor Rally: किसानों का बड़ा ऐलान, ट्रैक्‍टर परेड पर बनी सहमति, 50 KM यात्रा करेंगे, यहां लें रूट की जानकारी

1138

गणतंत्र दिवस पर राजधानी दिल्ली में ट्रैक्टर परेड निकालने की जिद पर अड़े किसान संगठनों और पुलिस के बीच सहमति आखिर बन गई। अब वे आगामी 26 जनवरी को ट्रैक्टर परेड निकाल सकेंगे। परेड करीब 100 किलोमीटर के दायरे में निकाली जाएगी। यह जहां से चलेगी, वहीं आकर खत्म होगी। इसके लिए पांच रूट सिंघु, टीकरी, गाजीपुर (यूपी गेट), शाहजहां बार्डर और पलवल तय किए गए हैं, जो अलग-अलग होंगे। इस दौरान किसान एक-दूसरे से नहीं मिलेंगे।

कई दिनों से कायम गतिरोध खत्म होने से शनिवार को पुलिस ने राहत की सांस ली। राष्ट्रीय राजमार्ग एक के पास बसे खामपुर गांव के मंत्रम रिसोर्ट में हरियाणा, दिल्ली व उत्तर प्रदेश पुलिस के साथ हुई मीटिंग के बाद किसान नेताओं ने प्रेस वार्ता के दौरान यह घोषणा की। संयुक्त किसान मोर्चा के सदस्य व स्वराज इंडिया पार्टी के संयोजक योगेंद्र यादव ने बताया कि पांचवें दौर की बैठक के बाद परेड को लेकर गतिरोध खत्म हो गया है।

26 जनवरी को किसान पहली बार दिल्ली में परेड निकालेंगे। पुलिस उक्त रूटों पर लगाए गए बैरिकेड हटाएगी। रूटों के बारे में सहमति बन गई है। करीब 80 फीसद रूट तय कर लिए गए हैं, कुछ छोटे रूट पर चर्चा करने के बाद रविवार को परेड के रूट का नक्शा जारी कर दिया जाएगा। हालांकि, दिल्ली पुलिस की तरफ से अभी आधिकारिक रूप से बयान जारी नहीं किया गया है। संभवत: रूटों के बारे में किसान संगठनों से लिखित में पत्र मिलने के बाद पुलिस रविवार को इस मामले में अंतिम निर्णय ले सकती है। दिल्ली पुलिस के अतिरिक्त जन संपर्क अधिकारी एसीपी अनिल मित्तल ने सिर्फ इतना कहा कि वार्ता अंतिम दौर में है।

परेड की अनुमति मिलने के बाद भी किसानों का अडि़यल रवैया दिखाई दिया। कुछ किसान नेताओं ने कहा कि अगर पुलिस बैरिकेड नहीं हटाती तो हम हटा देंगे। वहीं, एक किसान नेता ने कहा कि परेड की अवधि अभी निर्धारित नहीं की गई है। 24 घंटे से लेकर 72 घंटे तक दिन रात यह परेड जारी रह सकती है।

सिंघु बार्डर से संजय गांधी ट्रांसपोर्ट, कंझावला, बवाना, औचन्दी बार्डर होते हुए परेड हरियाणा में चली जाएगी। टीकरी बार्डर:- टीकरी बार्डर से ट्रैक्टर परेड नागलोई, नजफगढ़, ढांसा, बादली होते हुए केएमपी पर चली जाएगी।गाजीपुर यूपी गेट :- परेड गाजीपुर यूपी गेट से अप्सरा बार्डर गाजियाबाद होते हुए दुहाई यूपी में चली जाएगी।(दो अन्य रूटों के बारे में अभी फैसला नहीं हो सका था।)