कासगंज कांड: सिपाही की हत्या का मुख्य आरोपित एलकार पुलिस मुठभेड़ में ढेर, दूसरा फरार

    344

    उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले में पुलिस टीम पर हमला कर सिपाही देवेंद्र जसावत की हत्या करने वाले शराब माफिया को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया है। आरोपी का नाम ऐलकार है, जबकि दूसरा आरोपी फरार बताया जा रहा है।जानकारी के अनुसार थाना सिढ़पुरा क्षेत्र में बुधवार तड़के काली नदी की कटरी किनारे मुठभेड़ हुई। आरोपी ऐलकार गांव धीमर का रहने वाला था। मुख्य आरोपी मोती फरार है, उस पर 11 मामले दर्ज हैं। उसकी तलाश की जा रही है। ऐलकार भी पुराना हिस्ट्रीशीटर था। उस पर भी कई मामले दर्ज हैं। 

    थाना सिढ़पुरा क्षेत्र के गांव नगला धीमर और नगला भिकारी में अवैध शराब की सूचना पर दबिश देने पहुंचे दरोगा अशोक कुमार सिंह (नगला गबे, किशनी, मैनपुरी) और सिपाही देवेंद्र जसावत (नगला बिंदू, डौकी, आगरा)  पर शराब माफिया ने मंगलवार शाम को हमला कर दिया था। उनकी घेरकर पिटाई की गई थी। उनकी वर्दी उतरवा दी थी और लाठी-डंडों व अन्य हथियारों से बेरहमी से पीटा गया था। लहूलुहान दरोगा और सिपाही को अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां सिपाही की मौत हो गई। दारोगा की हालत गंभीर बनी हुई है।

    कासगंज में पुलिस टीम पर हमले ने बिकरू कांड की याद ताजा कर दी। वहां गैंगस्टर विकास दुबे ने दबिश देने आई पुलिस पर हमला किया था। बिकरू कांड पर सीएम योगी ने बेहद सख्त रुख अपनाया था। कासगंज की घटना को भी उन्होंने गंभीरता से लिया है। एडीजी अजय आनंद के नेतृत्व में शराब माफिया पर कार्रवाई का अभियान शुरु किया गया है।