IPL 2021 के लिए चेन्नई सुपर किंग्स की नई जर्सी आई सामने, इंडियन आर्मी को ऐसे दिया गया सम्मान

265

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का तीन बार खिताब अपने नाम कर चुकी फ्रेंचाइजी टीम चेन्नई सुपरकिंग्स (सीएसके) ने बुधवार को अपनी नई जर्सी लॉन्च की, जिसमें भारतीय सेना को सम्मान देते हुए उसका ‘कैमॉफ्लॉज’ भी डाला गया है। जर्सी में फ्रेंचाइजी के लोगो के ऊपर तीन स्टार हैं, जो 2010,2011 और 2018 में मिली खिताबी जीत को दर्शाते हैं। इसके अलावा भारत की सशस्त्र सेना के सम्मानस्वरूप उसका ‘कैमॉफ्लॉज’ भी डाला गया है।

सीएसके के सीईओ के एस विश्वनाथ ने कहा, ‘यह काफी समय से हम सोच रहे थे कि सशस्त्र सेना की अहम और निस्वार्थ सेवा के प्रति जागरूकता कैसे जगाई जाए। यह ‘कैमॉफ्लॉज’ उसी सेवा के प्रति हमारा सम्मान है। वे हमारे असली हीरो हैं।’ टीम ने ट्विटर पर एक वीडियो भी जारी किया जिसमें कप्तान महेंद्र सिंह धोनी नई जर्सी को लॉन्च कर रहे हैं।

सीएसके भारतीय सेना का काफी सम्मान करती है और 2019 आईपीएल सीजन की शुरुआत में उसे 2 करोड़ रुपये का चेक दिया था। इसके अलावा धोनी क्षेत्रीय सेना में मानद लेफ्टिनेंट कर्नल भी हैं और 2019 में पैराशूट रेजिमेंट के साथ ट्रेनिंग भी ले चुके हैं। आईपीएल के पहले सीजन 2008 के बाद पहली बार जर्सी का नया डिजाइन तैयार किया गया है।