पाकिस्तानी नौसेना ने भारतीय नाव पर बरसाईं ताबड़तोड़ गोलियां – एक मछुआरे की दर्दनाक मौत, भारत ने पाक राजनयिक को तलब किया

    331

    पाकिस्तानी नौसेना ने रविवार को गुजरात तट पर स्थित एक भारतीय नाव पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस गोलीबारी में एक भारतीय मछुआरे की दर्दनाक मौत हो गई है और एक घायल हो गया। मृतक मछुआरे का नाम श्रीधर बताया जा रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया वहीं, घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

    यह पहली बार नहीं है जब पाकिस्तानी नौसेना ने इस तरह की हरकत की है। इससे पहले भी पाक की तरफ से कई मछुआरे की तरफ से गिरफ्तारी की गई है। पिछले साल अप्रैल में भी पाकिस्तानी नौसेना ने दो नावों पर फायरिंग कर दी थी। उस वक्त नाव पर 8 लोग सवार थे। इस फायरिंग में उत्तर प्रदेश का रहने वाला एक शख्स जख्मी हो गया था।

    घटना को लेकर भारत गंभीर
    वहीं, भारत ने पाकिस्तानी नौसेना की ओर से अंजाम दिए गए इस पूरे घटनाक्रम को बेहद गंभीरता से लिया है। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि हम इस मामले को राजनयिक चैनलों के माध्यम से पाकिस्तान के सामने रखने की तैयारी कर रहे हैं। अभी मामले की जांच की जा रही है और आने वाले समय में इससे संबंधित अन्य जानकारियां साझा की जाएंगी।

    मार्च में 11 भारतीय मछुआरों को किया था गिरफ्तार
    इससे पहले पाकिस्तान ने मार्च में 11 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार कर उनकी दो नौकाएं जब्त कर लिया था। वहीं फरवरी में भी पाकिस्तान ने 17 भारतीय मछुआरों को देश के जलक्षेत्र में कथित रूप से प्रवेश करने के लिए गिरफ्तार किया था और उनकी तीन नौकाओं को जब्त कर लिया था।

    भारत ने सोमवार को पाकिस्तान उच्चायोग के एक वरिष्ठ राजनयिक को तलब किया और पाकिस्तानी पक्ष ( पाकिस्तानी समुद्री सुरक्षा एजेंसी) द्वारा की गई एक निर्दोष भारतीय मछुआरे की हत्या पर कड़ा विरोध दर्ज कराया. आधिकारिक सूत्रों ने इसकी जानकारी दी.