गुजरात निकाय चुनाव में कांग्रेस की करारी हार पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष का इस्तीफा, मोदी बोले- बड़ा संदेश मिला

187

गुजरात के पंचायत, नगर पालिका चुनावों में भी बीजेपी ने निकाय चुनावों की तरह ही परचम लहराया है। बीजेपी ने शहरी क्षेत्रों में 1,967 सीटों पर जीत हासिल की है। यही नही पंचायतों में भी 735 स्थानों पर भगवा लहराया है। शहरी क्षोत्रों में कांग्रेस को 356 और जिला पंचायतों में 157 सीटों पर ही जीत मिली है। इस तरह कांग्रेस को करारी हार मिली है और इसके बाद पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। यहां रविवार को वोटिंग हुई थी। इससे पहले निकाय चुनाव के नतीजों में भी बीजेपी ने अपना परचम लहराया था और अहमदाबाद, सूरत, राजकोट, वडोदरा, जामगर और भावनगर में जबरदस्त जीत हासिल की थी। कांग्रेस सभी जगह पस्त रही थी। हालांकि आम आदमी पार्टी ने सूरत नगर निगम में 27 सीटें जीतकर दमदार उपस्थिति दर्ज कराई है। यही नहीं सूरत में पार्टी मुख्य विपक्षी दल भी बन गई है। इस जीत के बाद अरविंद केजरीवाल ने सूरत का दौरा भी किया था।

राज्य चुनाव आयोग के मुताबिक 81 म्युनिसिपलिटीज की 8,474 सीटें हैं और 31 जिला पंचायतों, 231 तालुका पंचायतों की सीटें हैं। इनमें से 237 सीटों पर निर्विरोध ही चुनाव हो गया। वहीं दो तालुका पंचायतों में कोई पर्चा ही नहीं दाखिल किया गया। इस तरह से कुल 8,235 सीटों पर चुनाव हुआ था। इनमें से 8,161 पर बीजेपी ने अपने कैंडिडेट उतारे थे। कांग्रेस ने 7,778 सीटों पर प्रत्याशी दिए थे। आम आदमी पार्टी ने 2,090 प्रत्याशी उतारे थे। बता दें कि बीते विधानसभा चुनाव के दौर से ही आम आदमी पार्टी गुजरात की राजनीति में सक्रिय है और सूरत नगर निगम की जीत उसके लिए बड़ी सफलता है।