तीसरी बार मां बनीं गैल गैडोट, ‘वंडर वुमन’ ने ‘बेबी गर्ल’ को दिया जन्म, प्रियंका चोपड़ा ने दी बधाई

577

वंडर वुमन गैल गैडोट ने अपने घर नन्हे मेहमान का स्वागत किया है। दरअसल, अभिनेत्री तीसरी बार मां बन गई हैं। उन्होंने बेटी डैनिएला को जन्म दिया है। गैल ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम पर एक प्यारी तस्वीर साझा कर फैंस को जानकारी दी है। इस फोटो में गैल के साथ उनकी दोनों बेटियां एलमा और माया भी हैं। वहीं, एक बेटी की गोद में न्यू बॉर्न बेबी है। इस तस्वीर में अभिनेत्री के पति भी साथ में नजर आ रहे हैं।फोटो साझा करते हुए गैल ने लिखा, ‘मेरा प्यारा परिवार, मैं बहुत खुश हूं और थकी हुई भी। हम सभी काफी एक्साइटेड हैं डैनिएला का अपने परिवार में स्वागत करने के लिए। आप सभी को बहुत-बहुत प्यार।’

गैल के इस पोस्ट के बैद फैंस और सेलेब्स उन्हें शुभकामनाएं दे रहे हैं। इस बीच प्रियंका चोपड़ा के कमेंट ने सबका ध्यान खींचा। उन्होंने गैल गैडोट के पोस्ट पर कमेंट करते हुए लिखा, ‘बधाई।’ बीते दिनों अभिनेत्री ने जिम्मी किमेल लाइव के दौरान बताया था कि उन्होंने बेटी माया को कैसे अपनी प्रेग्नेंसी की न्यूज दी थी। गैल ने कहा था, ‘देखो माया, पापा ने मम्मी के पेट में एक पौधा लगाया है।’ 

गैल के वर्कफ्रंट की बात करे तो उनकी फिल्म वंडर वुमन 1984 सुपरहिट थी। इस फिल्म में गैल के काम को वर्ल्डवाइड काफी पसंद किया गया। फिल्म ‘वंडर वुमन 1984’ में गैल गैडोट के अलावा क्रिस पाइन, पेड्रो पास्कल और क्रिस्टन विग जैसे स्टार्स भी हैं। फिल्म में गैल गैडोट के अभिनय को दर्शकों द्वारा काफी पसंद किया गया।

बता दें, गैल गैडोट इजरायल की रहने वाली हैं और साल 2009 में उन्होंने हॉलीवुड में अपना करियर शुरू किया था। गैल ने साल 2004 में मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था। हालांकि वह टॉप 10 में भी शामिल नहीं हो पाई थीं। इस प्रतियोगिता से बाहर होने के बाद करीब 5 साल के बाद गैल को हॉलीवुड में काम करने का मौका मिला।उन्हें फिल्म ‘फास्ट एंड फ्यूरियस’ में पहला रोल मिला था। अब वह रेड नोटिस और डेथ ऑन द नाइल फिल्मों में नजर आएंगी।