पाकिस्तान के बलूचिस्तान में भूकंप के झटके किए गए महसूस, रिक्टर स्केल पर 5.4 की तीव्रता

457
Alaska earthquake
Alaska earthquake

पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में शनिवार सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 5.4 दर्ज की गई है। देश के राष्ट्रीय भूकंपीय निगरानी केंद्र के मुताबिक इसका केंद्र क्वेटा की प्रांतीय राजधानी से 38 किमी उत्तर पूर्व में स्थित था और इसकी गहराई सतह से 10 किमी नीचे थी। फिलहाल जान-माल के नुकसान की कोई खबर नहीं है।

स्थानीय मीडिया के अनुसार सुबह 7.50 बजे आए भूकंप के झटके क्वेटा के अलावा मस्तंग, किला अब्दुल्ला और पिशिन जिलों सहित प्रांत के विभिन्न क्षेत्रों में भी महसूस किए गए। पाकिस्तान के मौसम विभाग के महानिदेशक मुहम्मद रियाज़ ने कहा कि यह एक उथला भूकंप था। अगर इसका केंद्र आबादी वाले क्षेत्र में होता तो इससे नुकसान हो सकता था।

क्वेटा के पुलिस सूत्रों ने कहा कि जिले और आस-पास के क्षेत्रों में भूकंप के प्रभाव की जांच की जा रही है। पाकिस्तान भूकंप की उच्च आशंका वाले क्षेत्रों में से एक है। पीछले साल गुलाम कश्मीर में 5.8 की तीव्रता का भूकंप आया था, जिसमें 38 लोगों की मौत हो गई थी और करीब 500 लोग घायल हुए थे।

8 अक्टूबर 2005 को पाकिस्तान ही गुलाम कश्मीर में 7.6 की तीव्रता वाला जोरदार भूकंप आया था। भूकंप के झटके अफगानिस्तान, ताजिकिस्तान और चीनी झिंजियांग में भी महसूस किए गए थे। आधिकारिक तौर पर इस भूकंप के कारण 87,350 लोगों ने अपनी जान गंवाई थी और लगभग 138,000 घायल हुए थे। इस दौरान 35 लाख लोग बेघर हो गए थे।