दिलीप कुमार की हालत स्थिर, फैन्स को ट्विटर पर बताया- दो से तीन दिन में मिलेगी अस्पताल से छुट्टी

416

अभिनेता दिलीप कुमार मुंबई के हिंदुजा अस्पताल में भर्ती हैं। बॉलीवुड सितारों से लेकर फैंस तक उनके जल्द ठीक होने की दुआएं कर रहे हैं। इस बीच सोशल मीडिया पर दिलीप कुमार के निधन की अफवाहें उड़ रही हैं। जिसके बाद उनके आधिकारिक ट्विटर हैंडल से एक ट्वीट कर बताया गया है कि दो से तीन दिन में उनके घर लौटने की उम्मीद है।

अभिनेता की हालत स्थिर
दिलीप कुमार के ट्विटर हैंडल से लिखा गया है कि ‘व्हाएट्सएप फॉरवर्ड पर यकीन मत करिए। साब की हालत स्थिर है। शुक्रिया आपने दिल से दुआएं और प्रार्थनाएं कीं। डॉक्टर्स के मुताबिक, वो दो-तीन दिन में घर पर होंगे। इंशाल्लाह।‘

सांस लेने में हो रही थी दिक्कत
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, सायरा बानो ने कहा कि उन्हें (दिलीप कुमार) पिछले कुछ दिनों से सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। डॉक्टर ने कुछ टेस्ट और एक्सरे के लिए कहा है। जिसके बाद ही पता चल पाएगा कि उन्हें और कितने दिन अस्पताल में रहना है।

कई यादगार रोल किए
अपने छह दशक के लंबे करियर में दिलीप कुमार ने करीब 65 फिल्मों में अभिनय किया है। उन्होंने कई यादगार रोल निभाए। जिनमें ‘देवदास’, ‘नया दौर’, ‘मुगल ए आजम’, ‘गंगा जमुना’, ‘क्रांति’ और ‘कर्मा’ सहित अन्य हैं। दिलीप कुमार आखिरी बार 1998 में बड़े पर्दे पर फिल्म ‘किला’ में नजर आए थे।

अभिनय के क्षेत्र में उनके योगदार को देखते हुए 1994 में दादासाहेब फाल्के अवॉर्ड दिया गया। 2015 में उन्हें पद्म विभूषण से नवाजा गया।