दिल्ली में कोरोना की मार: एक दिन में सामने आए 20,201 नए केस, 380 लोगों ने तोड़ा दम, संक्रमण दर भी बढ़ा

272

राजधानी दिल्ली में कोरोना ने तांडव मचा रखा था। संक्रमण दर बढ़ने के साथ मौत के आंकड़े भी बढ़ रहे हैं। सोमवार को 380 कोरोना संक्रमितों की जान चली गई। यह एक दिन में सर्वाधिक मौत का रिकॉर्ड है। सोमवार को 20201 नए मामले सामने आए जबकि 22055 मरीजों को छुट्टी दी गई। दिल्ली में अभी तक 1047916 मरीज ‌कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 940930 मरीज ठीक हो गए जबकि 14628 मरीजों ने कोरोना के कारण दम तोड़ दिया है।

कोरोना से मृत्युदर 1.40 फीसदी हो गई है। विभाग के अनुसार दिल्ली में कोरोना के 92358 एक्टिव केस हैं। इनमें से दिल्ली के विभिन्न अस्पतालों में 18831 मरीज भर्ती हैं। कोविड केयर सेंटर में 444 और कोविड मेडिकल सेंटर में 149 मरीज भर्ती हैं। होम आइसोलेशन में 52733 मरीज भर्ती हैं।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार दिल्ली में रविवार को 57690 लोगों की जांच हुई। इसमें 35.02 फीसदी मरीज संक्रमित पाए गए। इनमें से आरटीपीसीआर से 38786 और रैपिड एंटीजन से 18904 टेस्ट हुए। अभी तक 16839549 टेस्ट हो चुके हैं। बढ़ते मामलों के साथ हॉटस्पॉट की संख्या बढ़कर 29104 हो गई है। चिंता की बात यह है कि बढ़ते मामलों के साथ वैक्सीनेशन की गति धीमी हो गई है। रविवार को 43637 लोगों को कोरोना की वैक्सीन लगी।