कोरोना वैक्सीनेशन के लिए आज से आम जनता की सूची तैयार करेगा कोलकाता नगर निगम

387

बंगाल में स्वास्थ्यकर्मियों को कोरोना का टीका लगाया जा रहा है। वैक्सीनेशन के दूसरे चरण में 50 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को टीके लगाए जाएंगे। पुलिस, सफाईकर्मी व नगर निकाय के कर्मचारियों को टीका लगाया जाएगा । अभी से ही कोलकाता में आम लोगों को भी टीका लगाए जाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।

वैक्सीनेशन के लिए सोमवार से 50 वर्ष से अधिक उम्र वाले लोगों का रजिस्ट्रेशन किया जाएगा।महानगर के 82 नंबर वार्ड के चेतला स्थित मेयर्स क्लिनिक से इस कार्य का शुभारंभ होगा। यह जानकारी कोलकाता नगर निगम के प्रशासक फिरहाद हकीम ने को दी।

उन्होंने बताया कि कोलकाता में रहने वाले कई ऐसे लोग हैं, जिनकी उम्र 50 साल या इससे अधिक है. ऐसे लोग टीका लगवाना चाह रहे हैं। उन्होंने बताया कि शनिवार को एक 82 वर्ष की महिला से उनकी मुलाकात हुई थी। यह महिला फिरहाद से यह जानना चाह रही थी कि महानगर में आम लोगों को कब से कोरोना का टीका लगाया जाएगा।

फिरहाद हकीम ने कहा कि कोलकाता में कई ऐसे स्वास्थ्यकर्मी हैं, जो टीका लगवाना नहीं चाह रहे हैं। टीका नहीं लगवाने वाले स्वास्थ्यकर्मियों के बदले विशेष परिस्थिति में 50 वर्ष से अधिक उम्र वाले लोगों को वैक्सीन लगाया जा सकता है या नहीं, इस संबध में स्वास्थ्य सचिव से उनकी बात हुई है।

स्वास्थ्य सचिव के कहने पर निगमकर्मियों को आम लोगों की सूची तैयार करने का निर्देश दिया गया है। मेयर्स क्लिनिक के अलावा निगम के पांच स्वास्थ्य केंद्रों में वैक्सीनेशन के लिए आम लोगों के नाम दर्ज किए जाएंगे। यह सूची राज्य स्वास्थ्य विभाग को सौंप दी जाएगी। केंद्र सरकार से अनुमति मिलने के बाद ही आम लोगों को कोरोना का टीका लगाया जाएगा।