कांग्रेस एक मार्च से निकालेगी नदी अधिकार जन यात्रा, प्रियंका गांधी भी हो सकती हैं शामिल

252
Priyanka Gandhi

बसवार की घटना के विरोध में कांग्रेस एक मार्च से नदी अधिकार जन यात्रा शुरू करने जा रही है। बुधवार को यह जानकारी कांग्रेस के पदाधिकारियों ने प्रेस क्लब में आयोजित प्रेसवार्ता में दी। पार्टी के प्रदेश सचिव व प्रयागराज के प्रभारी उज्ज्वल शुक्ला ने बताया ने कि यात्रा 1200 निषाद बाहुल्य गांवों से होते हुए माझी घाट बलिया पहुंचकर समाप्त होगी। इसमें कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी शामिल हो सकती हैं। 

प्रदेश सचिव ने कहा कि चार फरवरी को जिला प्रशासन ने अवैध खनन के नाम पर बर्बरता की है, उसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है। पुलिस और प्रशासन ने 17 नावों को क्षतिग्रस्त किया। इसको संज्ञान में लेते हुए पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी ने बसवार पहुंचकर मछुआरों का दुख-दर्द जाना। उनकी नावों की मरम्मत के लिए 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता का एलान किया है।

अब पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव के निर्देशन में मछुआरों को उनका हक दिलाने के लिए पिछड़ा वर्ग बसवार से एक मार्च से नदी अधिकार पदयात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा भदोही, मिर्जापुर, वाराणसी, चंदौली, गाजीपुर से होते हुए माझी घाट बलिया पहुंचकर समाप्त होगी। यात्रा के दौरान 1200 निषाद बाहुल्य आबादी वाले गांवों में पहुंचा जाएगा। पिछड़ा वर्ग इकाई के प्रदेश सचिव मनोज यादव ने कहा कि निषाद बाहुल्य गांवों में पहुंचकर उनकी समस्याओं पर बात की जाएगी। साथ ही तीस सालों से उन पर विभिन्न सरकारों की ओर से किए गए अत्याचारों को बताया जाएगा। 

जिला महिला इकाई अध्यक्ष अल्पना निषाद ने बताया कि बालू पर पहला अधिकार नदियों के किनारे रह रहे निषाद समाज के लोगों का है। लेकिन, एनजीटी के बहाने यूपी सरकार ने बालू खनन पर रोक लगा दी है लेकिन बुंदेलखंड से हमीरपुर, बांदा, चित्रकूट एवं अन्य जिलों में जेसीबी मशीनों से अवैध खनन कराया जा रहा है। तीन दशकों से उत्तर प्रदेश में विभिन्न राज्य सरकारें अवैध कमाई में संलिप्त है। कांग्रेस इन्हीं सब के विरोध में नदी अधिकार जन यात्रा निकालने जा रही है। इस दौरान इलाहाबाद विश्वविद्यालय छात्रसंघ अध्यक्ष संजय तिवारी, सुरेश यादव, पीसीसी सदस्य देवेंद्र चौधरी, प्रदेश सचिव विवेकानंद पाठक, शहर अध्यक्ष नफीस अनवर आदि मौजूद रहे।