मुख्यमंत्री भूपेश बघेल बोले, साजिश से किसान आंदोलन को समाप्त करने की कोशिश-केंद्र को हमारे ‘छत्तीसगढ़ मॉडल’ को अपनाना चाहिए

226

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आरोप लगाया कि दिल्ली की सीमाओं पर किसानों के आंदोलन को समाप्त करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने गुरुवार रात को गाजीपुर बॉर्डर पर सुरक्षा बलों की भारी तैनाती के बारे में एक सवाल का जवाब देते हुए कहा कि साजिश के माध्यम से किसानों के विरोध को समाप्त करने का प्रयास किया जा रहा है। आंदोलन को बदनाम करने और समाप्त करने का प्रयास किया जा रहा है। किसानों की मांग वास्तविक है और वे पिछले दो महीनों से आंदोलन कर रहे हैं। उनकी मांग को स्वीकार किया जाना चाहिए।

भूपेश बघेल ने रायपुर में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा, ‘किसानों के विरोध को समाप्त करने की साजिश है। उन्हें (किसानों को) बदनाम किया जा रहा है। उनकी मांगें मान्य हैं। किसान पिछले दो महीनों से राष्ट्रीय राजधानी की सीमाओं पर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। फिर केंद्र सरकार उनकी मांगों को क्यों नहीं मान रही? केंद्र को हमारे ‘छत्तीसगढ़ मॉडल’ को अपनाना चाहिए। हमारे राज्य में कोई भी किसान विरोध नहीं कर रहा है। वे हमारी किसान समर्थक योजनाओं से खुश हैं।’ मुख्यमंत्री ने ट्वीट किया, ‘मैं एक किसान का बेटा हूं। मैं किसानों के लिए लड़ूंगा। जो लोग किसानों की भावना को तोड़ने की कोशिश कर रहे हैं उन्हें पता होना चाहिए कि जय किसान छत्तीसगढ़ की आवाज है।’

बता दें कि पिछले दो महीनों से दिल्ली की सीमाओं पर किसान नए कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। वे केंद्र से तीनों नए कानूनों को वापस लेने की मांग कर रहे हैं। इसके मद्देनजर केंद्र से कई दौर की बातचीत भी हो चुकी है, लेकिन बात नहीं बनी है। इस बीच किसानों ने गणतंत्र दिवस पर ट्रैक्टर रैली निकाली। रैली में शामिल उपद्रवियों ने जमकर उतपात मचाया। उन्होंने लाल किले पर धावा बोल दिया। रोकने की कोशिश करने पर पुलिसकर्मियों के साथ झड़प हुई। समाचार एजेंसी एएनआइ के अनुसार पुलिस कमिश्नर (सीपी) एसएन श्रीवास्तव ने बुधवार को हिंसा के सिलसिले में दिल्ली पुलिस ने अब तक 19 लोगों को गिरफ्तार किया है और 25 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज किए गए हैं। 394 पुलिसकर्मी हिंसा में घायल हुए और उनमें से कई अभी भी अस्पतालों में भर्ती हैं।